रांची : सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े प्रकरण में नाबालिग बच्ची को अगवा कर डराने-धमकाने और विधायक के खिलाफ फर्जी गवाही दिलाने के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने दिलीप तिर्की को गिरफ्तार किया है. उसे रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के तोड़ांग गांव स्थित जोन्हा फॉल के जंगली इलाके से पकड़ा गया. सिमडेगा पुलिस ने 19 नवंबर को इसकी जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को इस मामले में पाकरटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसमें दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था. आरोप है कि दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती ने एक नाबालिग बच्ची को अगवा कर उसे डराया-धमकाया और सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत बयान देने और गवाही देने के लिए दबाव बनाया.
गिरफ्तारी के लिए बनाई गई थी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी. टीम तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी की और दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय दिलीप तिर्की के रूप में हुई है. वह सिमडेगा थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
पॉक्सो एक्ट के तहत भी प्राथमिकी
इस मामले में पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दिलीप तिर्की के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, मामले के दूसरे नामजद आरोपी अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Also Read : झारखंड : आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार, 2019 से चल रही थी जांच

