रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 में सामने आई कथित तकनीकी और मानवीय त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों ने अब सरकार से हस्तक्षेप की मांग तेज कर दी है. OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज दर्ज नहीं कर पाने से लेकर एडमिट कार्ड और ऑनलाइन आवेदन में गड़बड़ियों तक की शिकायतें सामने आई हैं. इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है. वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संघ के प्रतिनिधिमंडल से जल्द मुलाकात करने का आश्वासन दिया है.
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री हाफिजुल हसन, दीपक बिरुवा, योगेंद्र प्रसाद महतो, इरफान अंसारी और दीपिका पांडेय सिंह के अलावा विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा में हुई त्रुटियों से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी की जानकारी देते हुए सरकार और झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) से उचित कार्रवाई की मांग की.
10 साल बाद हुई परीक्षा, 4.85 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल
झारखंड में करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद 1 नवंबर 2026 को JTET-2026 परीक्षा आयोजित की गई थी. राज्य के 986 परीक्षा केंद्रों पर हुई इस परीक्षा के लिए कुल 5,65,916 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इनमें से 4,85,243 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. लंबे समय से शिक्षक पात्रता परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा काफी महत्वपूर्ण थी. ऐसे में परीक्षा के दौरान हुई कथित त्रुटियों ने उनके परिणाम और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
संघ ने सबसे प्रमुख समस्या OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) दर्ज नहीं कर पाने को बताया है. प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, कई अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान OMR शीट में बुकलेट सीरीज अंकित नहीं कर सके. इससे उनके मूल्यांकन और परिणाम पर असर पड़ने की आशंका है. संघ ने मांग की है कि इस समस्या का तकनीकी समाधान निकाला जाए और प्रभावित अभ्यर्थियों के मूल्यांकन के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए.
इसके अलावा कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में शिक्षक श्रेणी, व्यक्तिगत विवरण और अन्य जानकारियों से जुड़ी त्रुटियों की शिकायत की गई है. ऑनलाइन आवेदन के दौरान भी व्यक्तिगत विवरण और शिक्षक श्रेणी से संबंधित समस्याएं सामने आने की बात कही गई है. संघ ने इन त्रुटियों के समाधान के लिए प्रभावित अभ्यर्थियों को उचित अवसर देने की मांग की है.
कैबिनेट बैठक में भी उठा मामला, मुख्यमंत्री से जल्द होगी मुलाकात
संघ के मुताबिक, बीते दिन कैबिनेट बैठक के दौरान मंत्री हाफिजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद महतो और दीपिका पांडेय सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष JTET अभ्यर्थियों की समस्याओं को उठाया था. मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल से जल्द मुलाकात करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है.
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री, शिक्षा विभाग और JAC से परीक्षा में सामने आई सभी शिकायतों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान करने की मांग की है. संघ का कहना है कि करीब एक दशक बाद आयोजित हुई परीक्षा में तकनीकी या मानवीय त्रुटियों के कारण किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए.
संघ ने विशेष रूप से OMR शीट में बुकलेट सीरीज दर्ज नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने और एडमिट कार्ड व आवेदन फॉर्म की गलतियों को सुधारने की मांग की है. प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित मुलाकात के बाद इस मामले में कोई ठोस पहल होगी.
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के अलावा राम कुमार मोदी, सुष्मिता मुर्मू, बबीता कुमारी, संतोष कुमार महतो, सूरज कुमार, सुरेश कुमार यादव, श्याम कुमार, दीपक कुमार, जितेंद्र कुमार, पूर्णिमा कुमारी, शुभम कुमार, संगीता कुमारी, पवन कुमार, राजेश रंजन, सरस्वती दास, रिंकी कुमारी, सपना कुमारी, खुशी महली, कुमकुम कुमारी, विश्वजीत कर, आकांक्षा कुमारी, मुकेश कुमार साव, सुनील कुमार गुप्ता, अभिषेक टुडू, पंकज मुर्मू, पूनम महतो, उदय शंकर शर्मा और विवेक मंडल सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल थे.
Also Read : UGC-NET दिसंबर परीक्षा का शेड्यूल जारी, 14 से 21 दिसंबर तक होगी परीक्षा

