हजारीबाग: हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित A.K. इंटरनेशनल होटल पर गुरुवार (19 नवंबर) की रात अपराधियों ने गोलीबारी की. रात करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच होटल को निशाना बनाकर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं. घटना के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से एक कथित प्रेस रिलीज जारी की गई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है. इस संदेश में होटल संचालक अभय सिंह को धमकी देते हुए उनके होटल, रिसॉर्ट, पेट्रोल पंप और परिवार को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है.
सोशल मीडिया पर जारी कथित प्रेस रिलीज में कहा गया है कि जब तक अभय सिंह उनके बताए सिस्टम में शामिल नहीं होंगे, उन्हें इसी तरह निशाना बनाया जाता रहेगा. संदेश में उनके होटल, रिसॉर्ट और वहां काम करने वाले कर्मचारियों व मैनेजरों को भी धमकी दी गई है.
कथित प्रेस रिलीज में चेतावनी दी गई है कि अगर अभय सिंह ने जल्द उनकी बात नहीं मानी तो उनके पेट्रोल पंप पर बम फेंककर उसे उड़ाने और उनका कारोबार बंद कराने की कोशिश की जाएगी. इतना ही नहीं, उनके घर और परिवार को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है.

एक दिन पहले ऋत्विक माइनिंग कंपनी के गेट पर हुई थी फायरिंग
इससे एक दिन पहले यानी 18 नवंबर की रात हजारीबाग के केरेडारी स्थित ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मुख्य गेट पर भी अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की थी. इस घटना के बाद मौके से तीन खोखे बरामद किए गए थे. दो दिनों के भीतर कारोबारी प्रतिष्ठानों पर गोलीबारी की इन घटनाओं ने जिले में कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
अमन साहू गिरोह से जुड़ा है राहुल दुबे का नाम
सोशल मीडिया पर जारी कथित प्रेस रिलीज में राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आया है. राहुल दुबे को अमन साहू गिरोह से जुड़ा बताया जाता है. अमन साहू पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था. हालांकि, A.K. इंटरनेशनल होटल पर हुई फायरिंग में गिरोह की वास्तविक भूमिका और सोशल मीडिया पर जारी कथित प्रेस रिलीज की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
Also Read : बंगाल की खाड़ी के चक्रवात अकवन का झारखंड पर असर, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

