Ranchi : रांची के उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने आज जनगणना 2026 के प्रथम चरण आवास गणना का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष में स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) फॉर्म भरकर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज की।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना केवल सरकार का कार्य नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने बताया कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त सटीक आंकड़े केंद्र और राज्य सरकारों को जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी निर्माण और संसाधनों के उचित वितरण में मदद करते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की रूपरेखा इन्हीं आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती है।
राँचीवासियों से विशेष अपील:
मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि जल्द ही जनगणना की टीमें आपके घर-घर पहुंचेंगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे मांगी गई सभी जानकारियां पूरी सत्यता और शुद्धता के साथ उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और इनका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा।
डिजिटल माध्यम का करें उपयोग:
उपायुक्त ने नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की यह प्रक्रिया 1 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 16 मई से गणनाकार घर-घर जाकर डेटा संग्रह का कार्य करेंगे।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि जिले में जनगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशिक्षित गणनाकार एवं पर्यवेक्षक क्षेत्र में सक्रिय हो चुके हैं।
Also Read : रांची में नीट परीक्षा को लेकर धारा 163 लागू, इन 13 केंद्रों के पास जमा होने पर पाबंदी

