जोहार लाइव ब्यूरो
9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मैच के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की.
बैठक में प्रशासन, पुलिस और जेएससीए के अधिकारियों ने मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शकों की एंट्री और स्टेडियम के आसपास भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दर्शकों को निर्धारित गेट से ही प्रवेश दिया जाएगा. सभी दर्शकों को कतारबद्ध तरीके से स्टेडियम में प्रवेश कराया जाएगा.
जिला प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे गेट खुलने से पहले स्टेडियम पहुंचें और निर्धारित स्थान पर कतार में लगें, ताकि एंट्री के दौरान किसी तरह की परेशानी या अव्यवस्था न हो.
बिना टिकट वालों पर रहेगी नजर
संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने स्टेडियम के आसपास बिना टिकट वाले लोगों की भीड़ को रोकने के निर्देश दिए हैं. खास तौर पर दोपहर 3 बजे एंट्री शुरू होने से पहले स्टेडियम के आसपास बिना टिकट दर्शकों को इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा.
प्रशासन का कहना है कि इससे मैच के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी. दर्शकों से स्टेडियम में किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तु नहीं लाने की अपील की गई है. सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा. इसके साथ ही पूरे स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं.
Also Read : ”निर्भया कांड से तुलना से खुद को रोक नहीं सकते”, दिल्ली-NCR रेप केस पर SC ने लिया स्वतः संज्ञान
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस
मैच के दौरान रांची में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है. प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को व्यापक ट्रैफिक प्लान और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सिर्फ निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है.
विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों और जेएससीए पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. प्रशासन का लक्ष्य मैच को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है.
बैठक में वरीय एसपी राकेश रंजन, एडीएम धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण समेत जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Also Read : झारखंड : सालों से बंद बेकन फैक्ट्री में फिर दौड़ेगी रफ्तार, आधुनिक तकनीक से होगा कायाकल्प

