जोहार लाइव ब्यूरो
राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है. जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी के साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक यौनाचार, मारपीट और जबरन नशीला पदार्थ पिलाने का मामला सामने आया है. पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. मामले में जेल के बंदियों के साथ जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के चिकित्साकर्मियों समेत कुल 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है.
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद था. उसे 12 जून 2026 को रांची की अदालत से बरी कर दिया गया था. इसके बाद वह घर लौट आया, लेकिन जेल के अंदर कथित तौर पर हुई घटनाओं से वह मानसिक रूप से परेशान है.
पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया है कि जेल में रहने के दौरान उनके बेटे के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर अप्राकृतिक यौनाचार किया गया. शिकायत के मुताबिक, पहली घटना 12 जून की रात की है. आरोप है कि कुछ बंदियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाकर और मेकअप कर लड़की के रूप में तैयार किया. इसके बाद उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया.
दूसरी घटना रामनवमी के आसपास और तीसरी घटना सरहुल पर्व के दौरान होने का आरोप लगाया गया है. शिकायत के अनुसार, दोनों मौकों पर भी युवक को जबरन लड़की के रूप में तैयार किया गया और नशीला पदार्थ देकर उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया गया.
वार्ड इंचार्ज पर शिकायत फाड़ने का आरोप
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि बेटे ने जेल के अंदर हो रहे अत्याचार की लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज से की थी, लेकिन शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय वार्ड इंचार्ज ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और लिखित शिकायत फाड़ दी. आरोप है कि जेल प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया.
एफआईआर में जेल अस्पताल के चिकित्सक पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता के मुताबिक, कथित यौन उत्पीड़न के बाद युवक ने निजी अंगों में परेशानी और चोट की शिकायत की थी. वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, लेकिन चिकित्सक ने उसकी बात गंभीरता से नहीं ली. आरोप है कि जांच और इलाज करने से इनकार कर उसे वापस भेज दिया गया. इतना ही नहीं, रिहाई के समय भी उसकी मेडिकल जांच नहीं कराए जाने का आरोप लगाया गया है.
जेल अधीक्षक समेत 19 लोग नामजद
इस मामले में जेल के कई बंदियों के अलावा जेल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया गया है. एफआईआर में पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव और पोगो समेत अन्य बंदियों के नाम शामिल हैं. इसके अलावा वार्ड इंचार्ज, एक पुलिसकर्मी, संतोष उरांव, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया है.
खेलगांव थाना में प्राथमिकी संख्या 0066/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है. मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक मनीष शिवम को सौंपी गई है.


