जोहार लाइव ब्यूरो
बिहार के मधुबनी जिले में ग्रामीणों पर गोली चलाकर फरार हुए सहायक अवर निरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह का शव गुरुवार, 12 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया. उनका शव बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में एक खेत के पास मिला. शव के पास से सर्विस पिस्टल, लैपटॉप, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत कई सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस ने शव की पहचान चंद्रमोहन सिंह के रूप में की है. फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
मिली जानकारी के अनुसार, खेत में फसल काटने गई एक महिला की नजर संदिग्ध काले बैग पर पड़ी. बैग से दुर्गंध आने पर उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग से शव बरामद किया. शुरुआती अनुमान के मुताबिक शव चार से पांच दिन पुराना था. शव की स्थिति काफी खराब थी और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे. पुलिस ने घटनास्थल पर FSL की टीम बुलाकर जांच कराई.
ASI की गोली से हुई थी एक की मौत
दरअसल, 2 और 3 नवंबर की दरम्यानी रात बलिराजगढ़ में ग्रामीणों ने ASI चंद्रमोहन सिंह को एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. इस बात को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ASI ने ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस गोलीबारी में अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि धनिक लाल यादव, फूलो देवी और विजेंद्र यादव घायल हो गए.
घटना के बाद चंद्रमोहन सिंह मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया और उन्हें निलंबित कर दिया था. उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था. पुलिस बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ नेपाल सीमा से सटे इलाकों में भी उनकी तलाश कर रही थी.
गोलीकांड के बाद बलिराजगढ़ में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया था. ग्रामीणों ने 4 नवंबर को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था. इस दौरान मौके पर पहुंचे डीएम आनंद शर्मा के साथ भी प्रदर्शनकारियों ने बदसलूकी की थी. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 5 नवंबर को मृतक अशोक यादव के परिजनों और घायलों से मुलाकात की थी.
ASI चंद्रमोहन सिंह की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. शव के पास सर्विस पिस्टल मिलने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत गोली लगने से हुई या किसी अन्य कारण से. चेहरे पर चोट के निशान और शव की स्थिति भी जांच का विषय है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की बात कही गई है. लैपटॉप और मोबाइल की भी जांच की जाएगी. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Also Read : लद्दाख में सोनम वांगचुक हाउस अरेस्ट, घर के बाहर 25 सुरक्षाकर्मी तैनात; 60 दिनों तक आवाजाही पर प्रतिबंध


