खूंटी: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शुक्रवार को खूंटी जिले के उलीहातू से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा की शुरुआत हो गई. भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलीहातू से शुरू हुई यह यात्रा रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल तक पहुंचेगी. 13 से 15 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय यात्रा में लगभग 73 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी.
यात्रा की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. इस अवसर पर उनके वंशजों को सम्मानित किया गया. भगवान बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा ने पारंपरिक झंडा दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया. यात्रा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा से सुसज्जित रथ भी शामिल है.

तीन दिनों में तय होगी 73 किलोमीटर की दूरी
पहले दिन यात्रा उलीहातू से शुरू होकर सायको मोड़, झीलकिता मोड़ और खूंटी ग्रामीण होते हुए खूंटी पहुंचेगी. यहां भाजपा जिला कार्यालय में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है. दूसरे दिन 14 नवंबर को यात्रा खूंटी से कालामाटी, तुपुदाना चौक, हटिया चौक, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए रांची पहुंचेगी. शाम को बिरसा मुंडा संग्रहालय, जेल चौक में विश्राम होगा.
तीसरे दिन 15 नवंबर को सुबह 9 बजे जेल चौक से यात्रा शुरू होगी. इसके बाद सुबह 11 बजे कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. इसके साथ ही तीन दिवसीय पदयात्रा का समापन होगा.
भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित इस यात्रा में पद्मभूषण कड़िया मुंडा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व सांसद समीर उरांव, नीलकंठ सिंह मुंडा समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हैं.
यात्रा का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और उलगुलान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
Also Read : झारखंड: हाईकोर्ट के आदेश के बाद 925 प्रशासनिक अधिकारियों की फाइनल वरीयता सूची जारी, 2024 की पुरानी सूची रद्द


