जोहार लाइव ब्यूरो
लद्दाख से करीब 2600 किलोमीटर की दूरी दौड़कर स्वीडन के दो धावक ब्योन स्वेनसन और क्रिस्टिना पॉर्टेन रांची पहुंचे. शुक्रवार यानि की आज वे डिबडीह बायपास के पास आदिनिवास और जय जवान क्लब की ओर से दोनों धावकों का पारंपरिक आदिवासी गमछा और बुके देकर भव्य स्वागत किया गया.
दोनों धावक यह लंबी यात्रा झारखंड के बच्चों और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए काम करने वाली संस्था ‘आशा’ के प्रयासों को समर्थन देने और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कर रहे हैं. इस अभियान का अंतिम पड़ाव रांची जिले का भुसूर गांव है.
इस मौके पर आदिनिवास के स्टेट हेड सजीत टोप्पो और सोशल एक्टिविस्ट व ट्राइबल लीडर अनिल अमिताभ पन्ना ने दोनों धावकों का स्वागत किया. कार्यक्रम में फूलदेव भगत, बिपिन खलखो, विनय मुंडू, राजेश कुजूर, जॉन तिग्गा, सुनील टोप्पो, सोनू कुजूर और अंकित हीरो समेत कई लोग मौजूद रहे.
दोनों धावकों ने झारखंड पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है. उन्होंने बताया कि शनिवार को वे भगवान बिरसा मुंडा की धरती खूंटी भी जाएंगे. इस दौरान ‘आशा’ के संस्थापक अजय जायसवाल और पूनम भी दोनों धावकों के साथ मौजूद रहे. आदिनिवास और जय जवान क्लब ने उनके साहस, संकल्प और सामाजिक उद्देश्य की सराहना करते हुए अभियान की सफलता की कामना की.
Also Read : ‘मेरा फोन टैप करा रहे हैं पीएम मोदी’- राहुल गांधी का बड़ा आरोप, 12 दिन में 7वीं बार दी डिबेट की चुनौती


