जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को प्रेम, अपनत्व, त्याग, संघर्ष और भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरक गाथा बताया है. उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल एक राजनीतिक संस्मरण नहीं, बल्कि सोनिया गांधी के जीवन के संघर्षों, अनुभवों और भारतीयता के प्रति उनके समर्पण को समझने का महत्वपूर्ण दस्तावेज है.
शुक्रवार को जारी बयान में केशव महतो कमलेश ने कहा कि इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्म लेने के बाद भारत आना, यहां की संस्कृति और परंपराओं को अपनाना और देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करना सोनिया गांधी की असाधारण जीवन यात्रा को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रति प्रेम, इंदिरा गांधी के साथ आत्मीय संबंध और राजीव गांधी की असामयिक मृत्यु जैसी व्यक्तिगत त्रासदियों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारियां निभाना उनके धैर्य और प्रतिबद्धता का उदाहरण है.
2004 में प्रधानमंत्री पद छोड़ने का फैसला बताया महत्वपूर्ण
केशव महतो कमलेश ने सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन में वर्ष 2004 के फैसले को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया. उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी. यह फैसला बताता है कि राजनीति में नेतृत्व की पहचान केवल सत्ता और पद से नहीं, बल्कि सिद्धांतों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से होती है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पुस्तक में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, नागरिक स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चिंतन किया गया है. उन्होंने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, मीडिया की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की स्वायत्तता और विपक्ष की प्रभावी भूमिका को लोकतंत्र के सामने महत्वपूर्ण सवाल बताया.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिक अधिकारों की रक्षा, असहमति का सम्मान और संविधान की मूल भावना को बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है.
संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का आह्वान
केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है कि वह लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करते हुए संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहे. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में असहमति और बहस का स्वागत होना चाहिए. किसी विचार का जवाब दबाव या भय से नहीं, बल्कि तर्क और संवाद से दिया जाना चाहिए.
अंत में उन्होंने कहा कि ‘Belonging: A Journey of Love’ का संदेश है कि भारतीयता की पहचान जन्मस्थान से नहीं, बल्कि देश के लोगों, संस्कृति, विविधता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा से होती है.





