Ranchi : रांची के लोगों के लिए महेंद्र सिंह धोनी हमेशा किसी न किसी वजह से चर्चा का विषय बने रहते हैं। इस बार “कैप्टन कूल” के चर्चा में आने की वजह बल्ला नहीं, बल्कि ट्रैफिक नियम तोड़ना बन गई है।
रांची में 91 किमी/घंटा में पकड़ी गई गाड़ी
मामला एक मार्च का है। कांके रिंग रोड, बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के पास ऑटोमैटिक ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम ने धोनी की लग्जरी कार को रिकॉर्ड किया। उस इलाके में स्पीड लिमिट 60 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि धोनी की कार 91 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ती पाई गई।
1000 रुपए का ई-चालान जारी
ट्रैफिक विभाग ने नियमों के मुताबिक 1,000 रुपए का ई-चालान जारी किया। पूरी कार्रवाई कैमरों के जरिए ऑटोमेटिक हुई और चालान धोनी को ऑनलाइन भेजा गया। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे आम नागरिक हो या बड़ी हस्ती। धोनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन शहर में यह चर्चा का विषय बन चुका है।
धोनी का शानदार कार और बाइक कलेक्शन
महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अपने लग्जरी कार और बाइक कलेक्शन के लिए भी जाने जाते हैं। उनके गैरेज में कई बेहतरीन और खास मॉडल की गाड़ियां हैं, जिनमें Mercedes-Benz G 63 AMG, Jeep Grand Cherokee Trackhawk, Nissan Jonga, और हाल में खरीदी गई Citroen Basalt ब्लैक एडिशन शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास Hummer H2, Audi Q7, Mahindra Scorpio, Mitsubishi Pajero और Hindustan Motors Ambassador जैसी गाड़ियां भी मौजूद हैं। बाइक के शौकीन धोनी के कलेक्शन में Suzuki Hayabusa, Kawasaki Ninja H2 और Yamaha RX100 जैसी सुपरबाइक्स शामिल हैं। इस शानदार कलेक्शन की वजह से धोनी का नाम सिर्फ खेल जगत में ही नहीं, बल्कि लग्जरी वाहनों के शौकीनों के बीच भी चर्चित रहता है।
हाल ही में हाउसिंग बोर्ड नोटिस भी
यह पहला मौका नहीं है जब धोनी का नाम प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ा। पिछले हफ्ते झारखंड हाउसिंग बोर्ड ने हरमू स्थित उनके पुराने घर के कथित व्यावसायिक उपयोग को लेकर नोटिस भेजा था। उस मामले में भी धोनी की ओर से कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया।
Also Read : धनबाद में होली के जश्न के बीच फा’यरिंग, दो युवक घायल

