Patna : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (पीएमसीएच) का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेडियोलॉजी विभाग में मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं और चल रहे कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि विभाग में वर्ल्ड क्लास सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनों सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने पीएमसीएच के नवनिर्मित आपातकालीन भवन के शिशु विभाग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनआईसीयू (नियोनेटिकल इंटेंसिव केयर यूनिट) वार्ड, नर्स स्टेशन और अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अस्पताल परिसर में चल रहे पुनर्विकास और निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पीएमसीएच की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि पुनर्विकास योजना के तहत पीएमसीएच को 5462 बेड की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है और कार्य तेजी से प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही मेडिकल सुविधाओं को आधुनिक बनाने और डॉक्टरों के लिए आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि पीएमसीएच में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्हें समय पर इलाज और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमसीएच में अध्ययनरत मेडिकल स्टूडेंट्स, शिक्षकों, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के लिए प्रस्तावित आवासीय भवनों का निर्माण बेहतर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने दोहराया कि पीएमसीएच को 5462 बेड की क्षमता वाले विश्वस्तरीय मेडिकल संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है और यहां सभी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
Also Read : कांटाटोली–सिरमटोली फ्लाईओवर पहुंचे एसडीएम, निर्माण की प्रगति का लिया जायजा


