जोहार लाइव ब्यूरो
आगामी त्योहारों को देखते हुए खूँटी पुलिस ने बैंक और ग्राहकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. 1 अक्टूबर 2026 को एसपी ऋषभ गर्ग की अध्यक्षता में एसपी कार्यालय के सभागार में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक हुई. इसमें बैंक शाखाओं और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक में एसपी ने सभी बैंक प्रबंधकों को CCTV कैमरों को हमेशा चालू रखने और उनकी फुटेज पर्याप्त अवधि तक सुरक्षित रखने का निर्देश दिया. इसके अलावा बैंक और ATM में लगे अलार्म, सायरन समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करने को कहा गया.
बैंक और ATM परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए.
बढ़ेगा नकद लेन-देन, बैंक परिसर में रहेगी विशेष निगरानी
त्योहारों के दौरान बैंकों में ग्राहकों की आवाजाही और नकद लेन-देन बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने बैंक परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया. पुलिस ने बैंक प्रबंधन से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, साइबर फ्रॉड, वित्तीय धोखाधड़ी या सुरक्षा संबंधी घटना की जानकारी तत्काल संबंधित थाना या पुलिस को दी जाए.
बैठक में एसपी ने बैंक प्रबंधन और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय तथा त्वरित सूचना आदान-प्रदान को जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बैंक परिसरों के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है.

पुलिस की ओर से बैंक अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी किसी भी लापरवाही से बचने और किसी घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई.
Also Read : झारखंड : मेधावी छात्र की 39.76 लाख स्कॉलरशिप रोकी, HC ने कहा- करियर बर्बाद करने वाली है ऐसी संवेदनहीनता

