रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की ओर से राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्ची से जुड़े कथित यौन शोषण का मामला बेहद गंभीर है. इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए. यौन शोषण हो या साजिश, जांच में कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए.
विनोद पांडेय ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाता है, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. किसी को भी उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पार्टी से जुड़े होने के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए. नाबालिग बच्ची को न्याय मिलना सबसे महत्वपूर्ण है और जांच एजेंसियों को तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक जाना चाहिए.
पुलिस कानून के दायरे में रहकर काम करें
न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए. पुलिस को कानून के दायरे में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए. मीडिया की स्वतंत्रता और कानून के पालन, दोनों का सम्मान जरूरी है.
झामुमो महासचिव ने कहा कि यदि पूरे प्रकरण में कोई साजिश रची गई है या राजनीतिक लाभ लेने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है तो उसके पीछे के लोगों को भी बेनकाब किया जाना चाहिए. जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आए, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि मामले को राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए. सरकार सुनिश्चित करे कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो, पीड़िता को न्याय मिले और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे सख्त सजा मिले.
Also Read : सोनिया गांधी की किताब के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत और कल्पना सोरेन



