रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत लाया गया. हनोई से पार्थिव शरीर को कोलकाता हवाई अड्डे तक लाया गया, जहां आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रांची जिला प्रशासन ने उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस उपलब्ध कराई.
राजा कुमार वर्मा रांची के कैलाश नगर के रहने वाले थे और वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे. वहां सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी.
परिजनों ने पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए झारखंड के राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मदद मांगी थी. इसके बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और वियतनाम के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कराई.
आश्रित को 5 लाख रुपये की सहायता
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर श्रम विभाग की ओर से राजा कुमार वर्मा के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी.
सरकार के मुताबिक, पार्थिव शरीर को हनोई से कोलकाता लाने के बाद रांची जिला प्रशासन ने उसे रांची स्थित पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था की.
Also Read : झारखंडियों में विदेश में रोजगार करने की होड़ 18 प्रतिशत बढ़ी, साल 2025 में 5819 गए बाहर, 69 लोगों की मौत


