Patna : बिहार की राजधानी पटना में अब बस का इंतजार करना ज्यादा मुश्किल नहीं होगा। सरकार ने शहर के 14 प्रमुख मार्गों पर 50 नए ‘ग्रीन बस स्टॉप’ बनाने की योजना को हरी झंडी दे दी है। इन बस स्टॉप्स में धूप, बारिश और धूल से बचाने के साथ-साथ यात्रियों को डिजिटल सुविधाएं भी मिलेंगी।
स्मार्ट बस स्टॉप : डिजिटल बोर्ड और एनाउंसमेंट
नई बस स्टॉप पूरी तरह स्मार्ट टेक्नोलॉजी से लैस होंगी। बसों के रूट, आने-जाने का समय, और अन्य जानकारी डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर दिखेगी। इसके अलावा एनाउंसमेंट सिस्टम से आधा घंटा पहले बस आने की सूचना दी जाएगी। यानी बुजुर्ग, महिलाएं और रोजाना बस पकड़ने वाले लोग अब समय पर अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
टिकट और सुरक्षा भी स्मार्ट
नई बस स्टॉप पर क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग की सुविधा होगी। यात्रियों को लंबी लाइन में खड़ा होने की जरूरत नहीं होगी, बस अपना टिकट खुद मोबाइल या क्यूआर कोड से खरीद सकते हैं। सुरक्षा के लिए हर स्टॉप पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और यात्रियों के लिए पेयजल की सुविधा भी रहेगी।
ग्रीन और पर्यावरण के अनुकूल
इन बस स्टॉप्स की सबसे खास बात यह है कि यहाँ सोलर पैनल लगेंगे। इससे बिजली की खपत कम होगी और पर्यावरण की भी सुरक्षा होगी। सरकार का लक्ष्य है कि ये बस स्टॉप पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल हों।
पहले चरण में पटना, फिर पूरे राज्य में
पहले चरण में ये बस स्टॉप पटना के प्रमुख मार्गों पर बनाए जाएंगे। इसके बाद, पूरे राज्य के बड़े शहरों में कुल 500 ग्रीन बस स्टॉप विकसित करने की योजना है। फिलहाल सर्वे का काम चल रहा है और रिपोर्ट के बाद अंतिम स्थान तय किए जाएंगे।
पुराने बस स्टॉप से सीख
शहर में पहले भी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बस स्टॉप बनाए गए थे, लेकिन रखरखाव की कमी के कारण वे ज्यादा काम के नहीं रहे। कई जगह डिजिटल बोर्ड और लाइटें खराब हो गई थीं, शेड टूट गए थे और कुछ जगहों पर अवैध कब्जा भी हो गया था।
Also Read : शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत, मिडकैप और स्मॉलकैप में दबाव


