Ranchi : राजधानी रांची के होटवार जेल में बंद एक युवती के साथ कथित यौन शोषण मामले को लेकर अब सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को अंजुमन इस्लामिया कॉन्फ्रेंस हॉल में इस मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई गई। साथ ही दोषी जेल अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई। बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि अगर राजधानी की जेल के भीतर इस तरह की घटना सामने आती है, तो यह राज्य की कानून व्यवस्था और जेल प्रशासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जेल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर महिला बंदी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता एस अली ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और इसकी जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि वे खुद इस मामले की निगरानी करें, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और दोषियों को किसी भी हालत में बचने का मौका न मिले। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो लोगों का भरोसा कानून व्यवस्था से उठ सकता है। बैठक में मौजूद अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को और गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।

कोलेबिरा हत्याकांड पर भी जताई चिंता
बैठक के दौरान सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में एक युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
कई सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में मेराज गद्दी, साजिद उमर, मो. सैफ, बब्बर भाई, मो. साजली, नैयर परवेज, सज्जाद इदरीसी, नेहाल अहमद, सरफराज सुड्डू और चुन्नू अफरोज समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।
Also Read : दवा दुकानों की हड़ताल से थमा कारोबार, जामताड़ा में मरीजों की परेशानी बढ़ी


