Bettiah : जिले के गौनाहा प्रखंड अंतर्गत सहोदरा थाना क्षेत्र के कौवांहा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब रिहायशी इलाके में करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अचानक घरों के पास अजगर को रेंगते देख गांव के लोग दहशत में आ गए। सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीणों ने बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार अजगर पास के खेत से निकलकर आबादी वाले इलाके की ओर आ गया था। इसकी खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग डर के कारण अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
रेस्क्यू के बाद अजगर को जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस संबंध में प्रभारी वनपाल आशीष कुमार ने बताया कि अजगर पूरी तरह सुरक्षित था। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अगर कहीं भी वन्यजीव दिखाई दे, तो घबराएं नहीं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। साथ ही खुद से कोई जोखिम भरा कदम न उठाएं। घटना के बाद पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।
Also Read : ‘धुरंधर’ के गाने ‘Fa9la’ ने रचा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

