जोहार लाइव ब्यूरो
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि उन्हें ‘बाहुबली’ की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए. मामला रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (SP) को अदालत के आदेश का पालन नहीं करने पर अवमानना का दोषी ठहराने और सजा सुनाने से जुड़ा है. सुप्रीम कोर्ट ने जज की कानून की समझ पर भी सवाल उठाए. अदालत ने कहा कि किसी न्यायिक आदेश का पालन नहीं करना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता.
यह मामला चौथे अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार से जुड़ा है, जो रोहतास जिले के सासाराम में पदस्थापित थे. उन्होंने अधीनस्थ अदालतों के प्रति IAS और IPS अधिकारियों की कथित उदासीनता पर सवाल उठाते हुए एक असाधारण आदेश पारित किया था. उन्होंने रोहतास के पुलिस अधीक्षक के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू की और भारतीय न्याय संहिता की धारा 384 के तहत दोषी ठहराते हुए एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया था.
इसके अलावा जज ने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) से IAS और IPS अधिकारियों की ट्रेनिंग व्यवस्था में बदलाव करने की भी सिफारिश की थी, ताकि उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधीनस्थ न्यायालयों के प्रति अधिक संवेदनशील बनाया जा सके.
‘कानून की समझ हैरान करने वाली’
मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहन की पीठ कर रही थी. यह सुनवाई पटना हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर हुई, जिसमें संबंधित न्यायिक अधिकारी के खिलाफ कुछ सख्त टिप्पणियां की गई थीं.
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने सेशन जज की कानूनी समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि अदालत के निर्देश का पालन नहीं करना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत में किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या अदालत से बाहर जाने के निर्देश के बावजूद वहीं रुकता है, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है.
लेकिन अगर अदालत किसी अधिकारी को FIR दर्ज करने का निर्देश देती है और वह अधिकारी FIR दर्ज नहीं करता, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं कहा जा सकता. जस्टिस बागची ने कहा कि सेशन जज को पहले कानून के संबंधित प्रावधानों का दायरा और अर्थ समझना चाहिए.
‘आप जज हैं, रॉबिनहुड नहीं’
जस्टिस बागची ने एसपी को उसी दिन बुलाकर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने की कार्रवाई को आक्रामक बताया. उन्होंने कहा कि अगर जज को लगता था कि यह आपराधिक अवमानना का मामला है, तो उन्हें हाईकोर्ट के स्तर पर कार्रवाई के लिए छोड़ देना चाहिए था.
CJI सूर्यकांत ने हल्के अंदाज में टिप्पणी की कि याचिकाकर्ता जज हर घंटे अपनी भूमिका बदल रहे हैं. कभी वे अपर सत्र न्यायाधीश होते हैं, फिर हाईकोर्ट और उसके बाद सुप्रीम कोर्ट की तरह व्यवहार करने लगते हैं.
जस्टिस बागची ने कहा कि न्यायाधीशों को भी निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और अनुशासन का पालन करना होता है. उन्होंने टिप्पणी की कि न्यायिक औचित्य और मर्यादा का प्रशिक्षण लेने के लिए संबंधित जज को राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी जाना चाहिए.
उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, ‘डॉन क्विक्सोट की तरह जज बनने से काम नहीं चलेगा। आप रॉबिनहुड नहीं हैं.’
हाईकोर्ट से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह पटना हाईकोर्ट के आदेश में की गई कुछ टिप्पणियों की कठोरता कम करने पर विचार कर सकता है, लेकिन संबंधित न्यायिक अधिकारी को भी अपनी कार्रवाई पर संयम बरतना होगा. पीठ ने हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि वह न्यायिक अधिकारी की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण और माफी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे और कार्यवाही का निपटारा करे.
सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने कहा कि न्याय करने की भावना और प्रयास सराहनीय हो सकते हैं, लेकिन न्यायाधीश अपनी शक्तियों का इस्तेमाल निर्धारित कानूनी दायरे और प्रक्रिया के भीतर ही कर सकते हैं.
No comments yet. Be the first to comment!