जोहार लाइव ब्यूरो
सिमडेगा के विधायक भूषण बारा और नाबालिग रेप प्रसंग की आग अभी ठंढी भी नहीं हुई, कि एक और रेप का मामला सामने आ गया है. मिली जानकारी के मुताबिक जलडेगा प्रखंड के 15 साल की बच्ची के साथ सात महीने पहले रेप हुआ. बच्ची गर्भवती हो गई. शरीर में बदलाव देखने के बाद बच्ची की मां को जब आशंका हुई तब उसने अपनी बेटी से पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला बाहर निकल कर आया है.
सिमडेगा महिला थाना में दर्ज शिकायत के मुताबिक बच्ची के बढ़ा हुआ पेट देखकर उसकी मां ने पूछताछ की. जिसके बाद बच्ची ने गांव के ही एक लड़के सूरज प्रधान की ओर इशारा किया. उसने बताया कि एक दिन उक्त लड़के ने उसे गांव के ही सामुदायिक भवन में सुबह दातुन करने के समय जबरन ले गया. जिसके बाद कपड़ों से उसका मुंह बांध दिया और उसके साथ बलात्कार किया. घटना जून महीने की बताई जा रही है.
इस शर्मनाक घटना के बाद की स्थिति पर गौर करिये. बच्ची की मां महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद उसके स्वास्थ्य जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. यहां पर पुलिस जब बयान दर्ज कराने पहुंची तो किसी कानून और नियमों का ध्यान नहीं रखा. सदर अस्पताल के जेनरल वार्ड में बाकि अन्य मरीजों और उनके परिजनों के सामने ही बच्ची की मां और बच्ची का बयान दर्ज कराया गया. जाहिर है, बयान दर्ज कराते समय भरे वार्ड में सबकी मौजूदगी में पीड़िता बच्ची और उसके परिवार की पहचान को उजागर कर दिया गया.
पूरे मामले पर सिमडेगा की सामाजिक कार्यकर्ता ऑग्सटीना सोरेंग कहती हैं, परिवार वालों ने महिला समूह से मदद मांगी तो मामले को दबाने की कोशिश की गई. क्योंकि आरोपी एक सरकारी एनजीओ में काम करता है. फिर मुखिया से मदद की गुहार लगाई, वहां भी सेटलमेंट करने पर जोर दिया गया.
वो आगे कहती हैं, इसके बाद मैं उस बच्ची की मां को लेकर महिला थाना गई. वहां लिखित शिकायत दर्ज कराई. लेकिन एक दिन बीत जाने पर भी एफआईआर दर्ज नहीं हो सका था. इसके बाद जब हमलोग महिला थाना प्रभारी से मिलने गए तो उन्होंने अल्ट्रासाउंड कराने की बात कही. बच्ची का अल्ट्रासाउंड हुआ, जिसमें गर्भ ठहरने की बात सही निकली, इसके बाद महिला थाना प्रभारी ने पीड़ित बच्ची का बयान दर्ज कराया है. उसमें भी उसकी निजता का उल्लंघन किया गया है.
निजता उल्लंघन के मामले में सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे से संपर्क करने की कोशिश की गई. लेकिन बात नहीं हो पाई. बात होते ही हम सिमडेगा पुलिस का पक्ष भी आपके सामने रखेंगे.
पॉक्सो एक्ट में क्या प्रावधान है?
पॉक्सो एक्ट की धारा 24 के तहत बच्चे का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया है. जिसके मुताबिक पीड़िता का बयान उसके घर या उसकी पसंद की जगह पर दर्ज किया जाना चाहिए. यथासंभव महिला पुलिस अधिकारी, जिसका रैंक सब-इंस्पेक्टर से कम न हो, बयान दर्ज करेगी. पुलिस अधिकारी वर्दी में नहीं होनी चाहिए. बयान दर्ज करते समय बच्चे का किसी भी तरह आरोपी से संपर्क नहीं होना चाहिए. पुलिस को बच्चे की पहचान आम लोगों और मीडिया से सुरक्षित रखनी होगी.
इसके अलावा धारा 26 के अनुसार बच्चे का बयान उसके माता-पिता या ऐसे व्यक्ति की मौजूदगी में दर्ज किया जाना चाहिए, जिस पर बच्चा भरोसा करता हो. बयान को ऑडियो-वीडियो माध्यम से रिकॉर्ड करने का भी प्रावधान है.
बता दें, इसी एक्ट की धारा 23 के तहत पहचान सार्वजनिक करना अपराध माना जाएगा. यानी, अगर बयान के दौरान पीड़िता की पहचान सार्वजनिक हो जाती है या मीडिया में उसकी पहचान उजागर करने वाली जानकारी सामने आती है, तो धारा 23 के तहत कार्रवाई हो सकती है. इसके उल्लंघन पर छह महीने से एक साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है.
Also Read: जमशेदपुर: सड़क के लिए सड़क पर बैठे मानगो के मासूम, विधायक सरयू राय बोले- मैं शर्मिंदा हूं
No comments yet. Be the first to comment!