जोहार लाइव ब्यूरो
जिन हाथों में कॉपी-किताब और कलम होनी चाहिए, रविवार को उन्हीं नन्हे हाथों में तख्तियाँ थीं. जिन बच्चों की सुबह स्कूल जाने और खेलने-कूदने में बीतनी चाहिए, वे सड़क किनारे दरी बिछाकर धरने पर बैठने को मजबूर हुए. मानगो के आजादनगर रोड नंबर-5 की कीचड़ भरी, टूटी सड़क ने इन मासूमों को भी मानगो नगर निगम के खिलाफ आवाज उठाने पर विवश कर दिया. तख्तियों पर लिखा था- “स्कूल जाने का रास्ता दो, हमें सुरक्षित भविष्य दो”. बच्चों की इस गुहार के बाद जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सोमवार शाम 3.30 बजे आजादनगर पहुँचेंगे. वे सड़क का हाल देखेंगे और धरना देने वाले बच्चों से मुलाकात करेंगे. विधायक ने कहा, “मैं शर्मिंदा हूँ कि मानगो नगर निगम की ढिलाई के कारण मेरे विधानसभा क्षेत्र में ऐसी समस्याएँ पसर रही हैं.”
कीचड़ में डूबी सड़क, सड़क पर बैठा बचपन
रोड नंबर-5 पर मिट्टी, कीचड़ और जगह-जगह पानी जमा है. सड़क किनारे टूटी ईंटें और खुले पाइप पड़े हैं, जिनकी वजह से आए दिन लोग फिसलकर गिरते हैं और बड़े हादसे का खतरा बना रहता है. दोपहिया और पैदल चलने वालों को रोज भारी परेशानी झेलनी पड़ती है. रविवार को बच्चों ने “हमारी सड़क बनाओ, बच्चों की सुरक्षा बचाओ” जैसे नारों वाली तख्तियाँ थामकर विरोध जताया. स्थानीय लोग भी बच्चों के साथ खड़े रहे. उनका कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हुआ.
मानगो नगर निगम ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 100.97 करोड़ रुपये का बजट बनाया है. इसमें नई सड़कों के निर्माण और पुरानी सड़कों के सुधार के लिए 12.5 करोड़ रुपये रखे गए हैं. इसके बावजूद आजादनगर की एक सड़क की ऐसी हालत है कि बच्चों को सड़क के लिए सड़क पर बैठना पड़ा. बच्चों का धरना निगम और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सीधा सवाल खड़ा करता है.
धरने की खबर फैलते ही रविवार रात करीब 8.30 बजे आजादनगर इलाके के आधा दर्जन वार्ड पार्षद विधायक के आवास पहुँचे. इनमें दो महिला पार्षद भी शामिल थीं. पार्षदों ने इलाके की बदहाली की पूरी तस्वीर विधायक के सामने रखी और बताया कि हालात इतने बिगड़ गए हैं कि स्कूल जाने वाले बच्चे भी धरना देने को मजबूर हैं. विधायक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे सोमवार शाम 3.30 बजे आजादनगर जाकर जनसमस्याओं के समाधान की पहल करेंगे और उन बहादुर बच्चों से भी मिलेंगे.
निगम पर पहले भी मुखर रहे हैं विधायक
आजादनगर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आता है. यह पहला मौका नहीं है जब विधायक ने इस इलाके की बदहाली पर निगम को घेरा है. दिसंबर 2025 में उन्होंने आजादनगर का व्यापक निरीक्षण कर कचरे के ढेर और नालियों की बदहाली सामने रखी थी. जुलाई में वे निगम की कार्यशैली के खिलाफ गांधी मैदान में धरने पर बैठे थे और निगम पर भ्रष्टाचार व मनमानी के आरोप लगाए थे.
पार्षदों ने सड़क के साथ कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया. उनके मुताबिक मानगो के अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में मुट्ठी भर शोहदों ने भय का माहौल बना रखा है. आरोप है कि ये लोग डराते-धमकाते हैं और कहते हैं कि पुलिस थाना भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा. विधायक ने कहा कि अगर सब लोग तनकर खड़े रहेंगे तो दो दिन में क्षेत्र भयमुक्त हो जाएगा. उन्हें भरोसा है कि कानून के रखवाले इन शोहदों की मदद में नहीं दिखेंगे, बल्कि कानून के पक्ष में खड़े नजर आएँगे.
बच्चों के इस धरने के बाद लोगों को उम्मीद है कि विधायक के दौरे से सड़क निर्माण की दिशा में जल्द पहल होगी. अब देखना होगा कि निगम और जिम्मेदार अधिकारी कब तक रोड नंबर-5 पर काम शुरू करते हैं, ताकि मासूमों को स्कूल जाने के लिए दोबारा सड़क पर न बैठना पड़े.
Also Read: एसआईआर में बिना प्रक्रिया पूरी किए किसी का नाम नहीं कटेगा : के. रवि कुमार
No comments yet. Be the first to comment!