जोहार लाइव ब्यूरो
पूरे देश को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने वाली भाजपा को झारखंड सरकार से सवाल पूछने का कोई हक नहीं है. यह बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सोनाल शांति ने सोमवार को जारी बयान में कही. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेताओं को झारखंड की इतनी चिंता है, तो वे केंद्र सरकार से राज्य के हक की राशि तुरंत दिलाने की पहल करें.
सोनाल शांति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “विकसित भारत 2047” का सपना तो दिखाया, लेकिन पिछले 12 वर्षों में छात्रों, किसानों और युवाओं के लिए कोई ठोस नीति धरातल पर नहीं दिखी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश के लोगों को धार्मिक और जातीय संघर्ष में उलझाकर अपना राजनीतिक अस्तित्व मजबूत करने में लगी रहती है.
प्रवक्ता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री खुद स्वीकार करते हैं कि उद्योगपतियों को दी गई छूट के अनुरूप युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा नहीं हो रहे हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष खुद मान रहे हैं कि चीन ने भारत की करीब 200 किलोमीटर सीमा पर कब्जा कर रखा है और तेजस के लिए इंजन नहीं मिल पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में देश असुरक्षा की भावना से गुजर रहा है.
संसाधनों के बंटवारे पर सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा नेताओं को सवाल नरेंद्र मोदी से पूछना चाहिए, जिन्होंने राज्यों के बीच संसाधनों का असमान बंटवारा किया। इससे राज्यों के विकास में असंतुलन की स्थिति पैदा हो गई है.
“झारखंड के पास विकास का स्पष्ट विजन”
झारखंड सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के पास विकास का स्पष्ट विजन है और ठोस नीति व रणनीति के तहत काम चल रहा है. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं. छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक विकास के लिए भी सरकार की ओर से कई सहायताएं और वित्तीय संबल दिए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के साथ सीधे तौर पर आर्थिक भेदभाव किए जाने और संसाधनों की कमी के बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य कई क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अव्वल रहा है. कई राज्य झारखंड के विकास मॉडल का अध्ययन कर रहे हैं.
सोनाल शांति ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के हक की राशि पर कुंडली मारकर बैठी है. उन्होंने कहा कि भाजपा नेता झारखंड का हित नहीं चाहते, बल्कि राज्य के नाम पर सरकार को कोसने का बहाना ढूंढते हैं, ताकि उनकी “राजनीतिक दुकानदारी” चलती रहे.
No comments yet. Be the first to comment!