किसलय शानू
जेपीएससी परीक्षा घोटाला में सीआईडी की चार्जशीट से स्पष्ट है जेपीएससी कार्यालय में अधिकारी और बिचौलियो ने घोटाले के लिए पूरा तंत्र ही विकसित कर रखा था. इस तंत्र में जेपीएससी कार्यालय के सहायक सोनू को भी शामिल किया गया था.
जेपीएससी घोटाले को लेकर जोहार लाइव की चौथी कड़ी में हम सोनू कुमार पर रिपोर्ट प्रकाशित कर रहे हैं. यह रिपोर्ट सीआईडी की जांच में आए तथ्य और चार्जशीट पर आधारित है. सीआईडी की चार्जशीट से स्पष्ट है कि सोनू कुमार की सिंडिकेट में हनक इतनी थी कि वह सीधे तौर पर जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष एल ख्यांगते तक से मोबाइल पर में बात करता था.
चार्जशीट के अनुसार सोनू कुमार ने जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष को मिजोरम में नकद पैसे पहुंचाने की भी बात स्वीकार किया है. सोनू सिर्फ अध्यक्ष को ही डील नहीं करता था, बल्कि वह टीडीपीएल कंपनी और जेपीएससी में परीक्षा उप नियंत्रक के पद पर पदस्थापित श्वेता कुमारी के बीच एक मुख्य कड़ी था.
सीआईडी की चार्चशीट के अनुसार सोनू कुमार मूल रूप से बिहार के नालंदा जिला का रहने वाला था. वह जेपीएससी कार्यालय में श्वेता कुमारी की सहायक के रूप में काम करता था. सोनू कुमार को इस बात की भली-भांति जानकारी थी कि आयोग में नियमों को दरकिनार कर परीक्षा से संबंधित कार्य किया जा रहे हैं.
इस जानकारी के बावजूद वह श्वेता कुमारी गुप्ता और तत्कालीन अध्यक्ष का सहयोग कर रहा था तथा इस काम को करने के लिए अध्यक्ष और बिनसय कंपनी से जुड़े ब्रज कुमार राम एवं टीडीपीएल के कर्मियों से लगातार संपर्क में था. सोनू कुमार आयोग के गोपनीय दस्तावेज को भी लीक करने का काम करता था.
सीआईडी की चार्जशीट के अनुसार मामले में जेपीएससी के वर्तमान सचिव के पीए अरुण कुमार का बयान धारा 180 के तहत लिया गया है. इन्होंने अपने बयान में बताया है कि तत्कालीन अध्यक्ष के योगदान के बाद परीक्षा की सारी प्रक्रिया नियम कानून को ताक पर रखकर परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता को दिया गया था और अनियमितताएं बरती जा रही थी.
सोनू कुमार को इन सब बात की पूरी जानकारी थी. इसके बावजूद वह श्वेता कुमारी गुप्ता और तात्कालिक अध्यक्ष का सहयोग कर रहा था.
सोनू कुमार के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक और तकनीकी साक्ष्य
635 बार संपर्क: सोनू कुमार के मोबाइल के CDR के अनुसार, 14.08.2024 से 18.07.2026 के बीच उसने परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता से 635 बार बात की.
अध्यक्ष से 139 बार बात: 10.05.2025 से 09.07.2026 के बीच तत्कालीन अध्यक्ष से 139 बार संपर्क हुआ. आरोप-पत्र के अनुसार एक सहायक का अध्यक्ष से इतनी बार सीधा संपर्क सामान्य कार्य-प्रणाली के अनुरूप नहीं है.
Binsys से जुड़ाव: 04.09.2024 से 28.01.2026 के बीच ब्रज कुमार राम से 83 बार संपर्क हुआ. आरोप है कि Binsys को JPSC का काम दिलाने के लिए अध्यक्ष के मिजोरम स्थित आवास पर नकद भुगतान की बात स्वीकार की जा चुकी है.
TDPL कर्मियों से संपर्क: CDR विश्लेषण में TDPL के कर्मी, उसके CEO और अन्य लोगों से संपर्क भी पाया गया. आयोग के कर्मचारी का परीक्षा एजेंसी के कर्मियों से सीधा संपर्क आयोग की गोपनीयता के प्रतिकूल बताया गया है.
अभ्यर्थियों से संपर्क: तकनीकी विश्लेषण में यह भी पाया गया कि सोनू कुमार का JPSC परीक्षा के अभ्यर्थियों से सीधा संपर्क था.
Also Read : जोहार लाइव की खबर पर मुहर भाग-3: ओएमआर से लेकर एजेंसी के चयन तक, श्वेता गुप्ता के चार्जशीट में क्या-क्या है?
No comments yet. Be the first to comment!