रांची. झारखंड में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 आयोजित की जा रही है. इस बीच प्रवेश पत्र में फोटो, हस्ताक्षर और विषयों से जुड़ी गड़बड़ियों का मामला भी चर्चा में है. भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने परीक्षा में शामिल हो रहे लाखों अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रखने की अपील की है.
सीता सोरेन ने अपने पोस्ट में कहा कि JTET परीक्षा झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और उनके वर्षों के संघर्ष से जुड़ी है. परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र में फोटो, हस्ताक्षर और विषयों से संबंधित त्रुटियों की शिकायतों ने अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है. उन्होंने कहा कि ऐसी समस्याओं के समाधान में किसी भी योग्य अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए.
उन्होंने राज्य सरकार और झारखंड एकेडमिक काउंसिल से आग्रह किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो. प्रवेश पत्र की त्रुटियों से प्रभावित अभ्यर्थियों को दिए गए आश्वासनों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाए.
सीता सोरेन ने कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी प्रशासनिक लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए. उनकी मेहनत, योग्यता और अधिकारों का सम्मान होना चाहिए.
10 से 12 हजार अभ्यर्थियों के प्रभावित होने की आशंका
गौरतलब है कि JTET के प्रवेश पत्र जारी होने के बाद राज्य के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थियों ने गड़बड़ियों की शिकायत की थी. कई अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो और हस्ताक्षर गायब होने, जबकि कुछ के विषय और शिक्षक कोटि में गलत जानकारी दर्ज होने की शिकायत सामने आई थी.
अपनी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची स्थित JAC कार्यालय भी पहुंचे थे. अभ्यर्थियों ने आशंका जताई थी कि प्रवेश पत्र में दर्ज गलत विषय और अन्य जानकारियों के कारण परीक्षा में सफलता के बाद भी भविष्य में प्रमाणपत्र और शिक्षक नियुक्ति के दौरान परेशानी हो सकती है. कुछ रिपोर्टों में इन त्रुटियों से करीब 10 से 12 हजार अभ्यर्थियों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी.
रविवार को आयोजित JTET-2026 में करीब 5.65 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की बात कही गई है. ऐसे में परीक्षा के साथ-साथ प्रवेश पत्र की त्रुटियों से प्रभावित अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान भी महत्वपूर्ण मुद्दा बना हुआ है.
Also Read : झारखंड : JTET परीक्षा ड्यूटी पर जा रही महिला पुलिस जवान हुई हादसे की शिकार, मौत


