जोहार लाइव ब्यूरो
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया है कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाना कोई इत्तेफाक नहीं था, बल्कि यह जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या हो सके. सोनिया गांधी ने यह बातें अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर अपने बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ हुई बातचीत के दौरान कहीं. इस बातचीत में उन्होंने राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर अपनी पुरानी चिंताओं और उनसे जुड़ी कई दर्दनाक यादों को साझा किया.
बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने विपक्ष के नेता के रूप में राजीव गांधी के दौरों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उस समय राजीव गांधी अक्सर खुली जीप में यात्रा करते थे और कई जगहों पर उन्हें विरोध प्रदर्शन तथा पत्थरबाजी का सामना करना पड़ता था.
सोनिया ने इन दौरों को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि खासकर उन राज्यों में राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता बढ़ जाती थी, जहां विपक्षी दलों की सरकारें थीं. उनका आरोप है कि राजीव गांधी की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों ने पर्याप्त ध्यान नहीं दिया. बिहार का दौरा उनकी चिंता बढ़ाने वाली आखिरी घटना साबित हुआ. हालांकि, उन्होंने इससे पहले भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी आशंकाएं जाहिर की थीं.
इसी दौरान सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाने के पीछे एक खास मकसद था. उन्होंने कहा, ”पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो सके. उनकी सुरक्षा हटाया जाना कोई इत्तेफाक नहीं था. यह जानबूझकर किया गया था.”
बातचीत में सोनिया गांधी ने उस घटना का भी जिक्र किया, जब राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी के साथ एक दौरे पर गए थे. वहां उन्होंने पत्थरबाजी की घटना देखी थी. सोनिया के मुताबिक, घर लौटने के बाद राहुल ने अपने पिता की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई थी.
उन्होंने बताया कि राहुल ने उनसे कहा था, ”मम्मा, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा.”
राहुल बोले- 500 पन्नों की किताब में भी मां ने कुछ बातें छोड़ दीं
राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बातचीत का वीडियो साझा किया. उन्होंने लिखा कि उनके पिता की सुरक्षा हटाने के पीछे एक खास मकसद था. राहुल ने अपनी मां की किताब का जिक्र करते हुए कहा कि 500 से अधिक पन्नों की किताब होने के बावजूद उन्होंने कई बातें इसमें शामिल नहीं की हैं.
राहुल ने लिखा कि 2004 के फैसले से कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ लोगों को खुशी हुई. उन्होंने यह भी कहा कि पिता की सुरक्षा हटाने के पीछे एक उद्देश्य था.
राहुल के मुताबिक, मां और प्रियंका के साथ बैठकर पुरानी यादों को दोबारा साझा करना भावुक अनुभव रहा. इन यादों में खुशी, हंसी और दर्दनाक घटनाएं सभी शामिल थीं. उन्होंने अपनी मां के जीवन को प्यार और बड़ी त्रासदियों से भरा सफर बताया और कहा कि सोनिया गांधी ने हर परिस्थिति का सामना गरिमा और साहस के साथ किया.
किताब में परिवार की यादों को भी किया गया शामिल
सोनिया गांधी ने बताया कि ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ उन्होंने अपनी यादों के आधार पर लिखी है. हालांकि, राहुल और प्रियंका ने भी अपनी यादें इसमें साझा की हैं, जिससे किताब में दर्ज घटनाओं और कहानियों को एक नया दृष्टिकोण मिला है.
बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने अपने बच्चों को अपनी सबसे बड़ी खुशी और ताकत बताया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि राहुल और प्रियंका ही उनके धैर्य की सबसे ज्यादा परीक्षा लेते हैं.
उन्होंने 1968 में इटली से भारत आने के शुरुआती दिनों को भी याद किया. सोनिया ने बताया कि भारत आने के बाद यहां की गरीबी ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित और हैरान किया था.
इस बातचीत के जरिए गांधी परिवार ने राजीव गांधी से जुड़ी कई पुरानी यादों, उनकी सुरक्षा को लेकर उठी चिंताओं और परिवार के कठिन दौर को साझा किया. सोनिया गांधी के ताजा आरोपों के बाद राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
Also Read : YBN यूनिवर्सिटी में सजा उपलब्धियों का मंच, पहले दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को मिली उपाधियां
No comments yet. Be the first to comment!