जोहार लाइव ब्यूरो
भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव हुआ है. टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया. उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी. हरमनप्रीत की जगह स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंपी जा सकती है.
कप्तानी छोड़ने का ऐलान करते हुए हरमनप्रीत ने कहा कि यह उनके लिए आसान फैसला नहीं था. उन्होंने अपने करियर के दौरान मिले अनुभवों, यादों और भावनाओं को याद करते हुए कहा कि कप्तानी से जुड़े ये पल जिंदगीभर उनके साथ रहेंगे.
हरमनप्रीत ने लिखा,“आज मैं सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूं. यह आसान फैसला नहीं है. इसमें सालों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जिंदगीभर मेरे साथ रहेंगे.”
हरमनप्रीत की कप्तानी का दौर भारतीय महिला क्रिकेट के लिए कई बड़ी उपलब्धियों से भरा रहा. उनकी कप्तानी में भारत ने पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. 2025 में मिली इस ऐतिहासिक जीत के साथ हरमनप्रीत वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला कप्तान बनीं.
वर्ल्ड कप में 171 रन की वो ऐतिहासिक पारी
हरमनप्रीत के करियर की सबसे यादगार पारियों में 2017 महिला वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल शामिल है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने नाबाद 171 रन की तूफानी पारी खेली थी. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने फाइनल में जगह बनाई थी. इसके अलावा 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने T20 इंटरनेशनल में शतक लगाया. वह T20I में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी थीं.

हरमनप्रीत के नाम दर्ज हैं ये बड़े रिकॉर्ड
- भारत ने 2025 में पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता. हरमनप्रीत वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला कप्तान बनीं.
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नाबाद 171 रन की पारी खेली. यह महिला वर्ल्ड कप की यादगार पारियों में शामिल है.
- 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 इंटरनेशनल में शतक लगाया. ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं.
- हरमनप्रीत 200 इंटरनेशनल टी-20 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर हैं.
- फरवरी 2026 में महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनीं. उन्होंने 356 मैच खेले हैं.
- 150 T20I में कप्तानी करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर. सितंबर 2026 में रिकॉर्ड बनाया.
- 2017 में उन्हें क्रिकेट के लिए अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
- 2026 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया.
एशिया कप से एशियन गेम्स तक सफलता
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में भी सफलता हासिल की. उनकी कप्तानी में टीम ने 2016, 2022 और 2026 में एशिया कप का खिताब जीता. 2012 के एशिया कप में उन्होंने सिर्फ फाइनल मुकाबले में कप्तानी की थी, जबकि बाकी मैचों में टीम की कमान मिताली राज के हाथों में थी.
एशियन गेम्स में भी हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने लगातार दो बार गोल्ड मेडल जीता. 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता था. इसके बाद 2026 नागोया एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड अपने नाम किया.
अर्जुन अवॉर्ड और पद्म श्री से सम्मानित
क्रिकेट में शानदार योगदान के लिए हरमनप्रीत कौर को 2017 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. वहीं 2026 में उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया.
अब कप्तानी छोड़ने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम में नई कप्तान को लेकर चर्चा तेज है. स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को हरमनप्रीत की जगह टीम की कमान सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
हरमनप्रीत का कप्तानी से हटना भारतीय महिला क्रिकेट के एक अहम दौर का अंत माना जा रहा है. उनके नेतृत्व में टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं और अब नजर इस बात पर है कि नई कप्तान के नेतृत्व में टीम आगे किस दिशा में बढ़ती है.
Also Read : चार राज्यों की 6 सीटों पर वोटिंग, बंगाल में सियासी हलचल तेज; AJUP विधायक हुमायूं कबीर हिरासत में

