रांची: गुरुनानक जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को रांची में गुरुनानक सत्संग शोभायात्रा निकाली जाएगी. इसे लेकर यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है. शोभायात्रा के मद्देनजर मेन रोड समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
वहीं, भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर भी निर्धारित समय के लिए रोक लगाई गई है. यातायात पुलिस ने आम लोगों से घर से निकलने से पहले रूट प्लान की जानकारी लेने और शोभायात्रा मार्गों का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की है.
भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक
यातायात पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा. हालांकि, ऐसे वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. इस दौरान नो-इंट्री का पूर्व निर्धारित समय यथावत रहेगा. वहीं, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक सभी छोटे मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
22 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, रतन पीपी होते हुए सुजाता चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इसके अलावा पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक भी शोभायात्रा की समाप्ति तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेट्रो गली से बिरला मैदान तक शोभायात्रा में शामिल वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. वहीं, सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल, पीपी कंपाउंड तक भी शोभायात्रा की समाप्ति तक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी.
इस रास्ते से जा सकेंगे वाहन, यहां होगी पार्किंग
यातायात पुलिस ने बताया कि सुजाता चौक से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन चालक रतन पीपी से दाहिने मुड़कर करबला चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. शोभायात्रा के दौरान बिरला मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, उल हाउस कटिंग, उर्दू लाइब्रेरी कटिंग, रतन पीपी चौक और सुजाता चौक मार्ग का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की गई है.
शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु अपने वाहनों को रामविलास पेट्रोल पंप के बगल स्थित सुरजीत मोटर (पंजाबी) गैरेज और रामविलास पेट्रोल पंप के सामने शारदानंद बाल मंदिर स्कूल में पार्क कर सकेंगे. यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आकस्मिक सेवा के वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट रहेगी. इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट या बंद किया जा सकता है.
Also Read : झारखंड : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को प्रकाश पर्व में शामिल होने का आमंत्रण, 24 नवंबर को रांची में होगा आयोजन
No comments yet. Be the first to comment!