झारखंड का रामरेखा धाम: जहां जंगलों और पहाड़ों के बीच जीवित हैं भगवान राम के वनवास की स्मृतियां

झारखंड की धरती पर कुछ स्थान ऐसे हैं, जिनकी पहचान केवल उनकी भौगोलिक स्थिति से नहीं, बल्कि सदियों से चली आ रही आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक स्मृतियों से बनती है. सिमडेगा का श्रीरामरेखा धाम ऐसी ही एक पावन धरोहर है. घने जंगलों, ऊंची पहाड़ियों, विशाल चट्टानों और प्राकृतिक गुफाओं के बीच स्थित यह तीर्थस्थल केवल श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि सिमडेगा की सांस्कृतिक चेतना, जनजातीय जीवन-दर्शन और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है.

जिला मुख्यालय से लगभग 26 किलोमीटर दूर पाकड़टांड़ प्रखंड क्षेत्र में स्थित रामरेखा धाम का प्राकृतिक परिवेश अपने आप में अद्भुत है. पहाड़ियों की ऊंचाई, चट्टानों की विशालता, जंगलों की हरियाली और गुफाओं की रहस्यमयी संरचना यहां पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक अलग अनुभूति प्रदान करती है.

स्थानीय जनश्रुतियों और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण अपने चौदह वर्षों के वनवास के दौरान इस क्षेत्र में आए थे. मान्यता है कि वनवास काल में उन्होंने यहां कुछ समय व्यतीत किया था. धाम की प्राकृतिक गुफा की छत पर दिखाई देने वाली रेखाओं को श्रद्धालु प्रभु श्रीराम द्वारा अंकित रेखाएं मानते हैं. इन्हीं से इस स्थान का नाम रामरेखा पड़ने की धार्मिक मान्यता जुड़ी हुई है.

धाम परिसर में अग्निकुंड, चरण पादुका, सीता चूल्हा, धनुष कुंड और गुप्त गंगा जैसे स्थल भी श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं. प्राकृतिक चट्टानों के बीच स्थित गुफा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भगवान शिव और अन्य देवी-देवताओं के विग्रह इस स्थान की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ाते हैं.

1917 एवं 1970 के रांची जिला गजेटियर में पहाड़ी की चोटी पर स्थित विशाल धनुषाकार गुफा और उसके भीतर भगवान राम, लक्ष्मण, सीता तथा हनुमान की पत्थर की प्रतिमाओं वाले मंदिर का भी उल्लेख है. गुफा को ‘रामधनु’ के नाम से जाना जाता था. यहां प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर दो दिवसीय मेले का उल्लेख है. तत्कालीन विवरण के अनुसार, उस समय भी लगभग 10 से 15 हजार श्रद्धालु यहां पहुंचते थे. मेले के दौरान रातभर आदिवासी समुदायों के लोकनृत्य आयोजित होने की जानकारी भी दर्ज है. स्थानीय समाज ने इन्हें पीढ़ियों से अपनी धार्मिक स्मृतियों और परंपराओं में जीवित रखा है और सिर्फ झारखंड ही नहीं उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस थल के प्रति आस्था रखते हैं. यही तथ्य रामरेखा धाम की विशेषता को और व्यापक बनाता है. यहां धर्म और लोकसंस्कृति एक साथ दिखाई देते हैं. विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों से आने वाले श्रद्धालुओं की सहभागिता सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश देती है. आज भी यह मेला पारंपरिक संगीत उपकरणों, नगाड़ा मांदर आदि की बिक्री के लिए प्रसिद्ध है.

स्थानीय ऐतिहासिक विवरणों में वर्ष 1916 में बीरू गढ़ के तत्कालीन राजा हुकुम सिंहदेव के प्रयासों से कार्तिक पूर्णिमा मेले को व्यवस्थित स्वरूप मिलने की परंपरा भी बताई जाती है. देवरहा बाबा के यहां आगमन की स्मृति है, वहीं ब्रह्मलीन स्वामी जयराम प्रपन्नाचार्य जी, जिन्हें श्रद्धालु रामरेखा बाबा के नाम से स्मरण करते हैं, ने अपनी साधना, तपस्या और सेवा से इस धाम की आध्यात्मिक प्रतिष्ठा को व्यापक पहचान दिलाई.

माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार रामरेखा धाम के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है. यहां अठारह करोड़ रुपये की राशि से धाम के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विकास का कार्य चल रहा है. पिछले वर्ष से इसे राजकीय महोत्सव का दर्जा भी दिया गया है एवं इस आयोजन के माध्यम से धाम की धार्मिक महत्ता, ऐतिहासिक पहचान, और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को व्यापक मंच मिल रहा है.

इससे धार्मिक पर्यटन, तथा स्थानीय युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और पारंपरिक कारीगरों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे.

झारखंड की आदिवासी संस्कृति का अस्तित्व और उसकी जीवन्तता जंगलों एवं पहाड़ों से गहराई से जुड़ी हुई है. इसी प्रकार, प्रभु श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में प्रतिष्ठित करने में भी वनवासी जीवन की तपस्या, त्याग, समर्पण और संघर्ष की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. वस्तुतः, जंगलों और पहाड़ों के बीच तपकर निखरा जीवन ही इस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की वास्तविक शक्ति रहा है.

इसलिए रामरेखा धाम का संरक्षण एवं विकास केवल एक तीर्थस्थल का संरक्षण नहीं, बल्कि झारखंड की प्राकृतिक, जनजातीय, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प है.

– कंचन सिंह (लेखिका वर्तमान में सिमडेगा जिले की उपायुक्त हैं. लेख में व्यक्त विचार उनके निजी एवं स्वतंत्र विचार हैं.)

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!