IITF-2026 : झारखंड की खनिज संपदा का प्रदर्शन, माइनिंग टूरिज्म की पहल भी बनी आकर्षण

रांची/नई दिल्ली : नई दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध खनिज संपदा, खनिज आधारित उद्योगों और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है. खान एवं भूविज्ञान विभाग की ओर से लगाए गए पवेलियन में झारखंड की खनिज संपदा और औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया है.

झारखंड को देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में पहचान प्राप्त है. पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट समेत राज्य में उपलब्ध प्रमुख खनिजों को प्रदर्शित किया गया है. इसके जरिए देश की औद्योगिक प्रगति में झारखंड के योगदान को रेखांकित किया जा रहा है.

देश में पहली बार माइनिंग टूरिज्म की पहल

झारखंड ने माइनिंग टूरिज्म की अनूठी पहल शुरू की है. विभाग के अनुसार, झारखंड देश का पहला राज्य है जिसने इस तरह की पहल की है. इसके तहत पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कराया जाता है. पर्यटक खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र की भूमिका को करीब से समझ सकते हैं.

पवेलियन में खनिजों के औद्योगिक और तकनीकी महत्व को भी प्रदर्शित किया जा रहा है. बॉक्साइट एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है, जिसका इस्तेमाल परिवहन, निर्माण, विद्युत उपकरण और एयरोस्पेस उद्योगों में होता है. वहीं, बेरिलियम का उपयोग रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में किया जाता है.

Jharkhand Mines Tourism

लिथियम इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों की रिचार्जेबल बैटरियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. वहीं, यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है और देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है.

निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर जोर

IITF-2026 के माध्यम से झारखंड सरकार खनिज संपदा के प्रदर्शन के साथ खनिज आधारित उद्योगों में निवेश, मूल्य संवर्धन और रोजगार सृजन की संभावनाओं को भी सामने रख रही है. इसका उद्देश्य राज्य की प्राकृतिक संपदा को औद्योगिक विकास से जोड़ना और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की औद्योगिक क्षमता को प्रदर्शित करना है.

Also Read : झारखंड: द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव का मुख्यमंत्री को मिला आमंत्रण, सिमडेगा डीसी कंचन सिंह ने की गेंहू के तिनकों से बनी भगवान राम की कलाकृति भेंट

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!