झारखंड: द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव का मुख्यमंत्री को मिला आमंत्रण, सिमडेगा डीसी कंचन सिंह ने की गेंहू के तिनकों से बनी भगवान राम की कलाकृति भेंट

रांची/सिमडेगा. द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 में शामिल होने के लिए सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया. इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गेहूं के तिनकों से तैयार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की आकर्षक कलाकृति मुख्यमंत्री को भेंट की.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महिलाओं की कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर की सराहना की. उन्होंने द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

क्या है रामरेखा धाम और महोत्सव?

सिमडेगा जिले में स्थित रामरेखा धाम एक प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल है. यह पहाड़ी पर स्थित प्राकृतिक गुफा और भगवान श्रीराम से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के लिए जाना जाता है. मान्यता है कि भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण अपने 14 वर्षों के वनवास के दौरान यहां आए थे. धाम में राम दरबार के अलावा सीता चूल्हा, चरण पादुका, अग्निकुंड, गुप्त गंगा और धनुष रेखा जैसे धार्मिक स्थल भी हैं.

रामरेखा धाम में प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पारंपरिक मेले का आयोजन होता है. वर्ष 2025 में पहली बार इसे राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया गया था. इसके बाद यहां राजकीय रामरेखा महोत्सव का आयोजन शुरू हुआ. महोत्सव के माध्यम से धार्मिक परंपरा, स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और क्षेत्रीय कला को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read : झारखंड : 26 आजीवन सजायाफ्ता कैदियों की होगी रिहाई, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी सहमति

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!