झारखंड : 10 लाख के इनामी माओवादी जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा को 10 साल की सजा, 80 हजार का जुर्माना

गुमला: झारखंड के गुमला में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के पूर्व जोनल कमांडर और 10 लाख रुपये के इनामी राम प्रसाद लकड़ा उर्फ अशोकजी को अदालत ने 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-3 भूपेश कुमार की अदालत ने उस पर कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. करीब 22 वर्षों तक माओवादी गतिविधियों में सक्रिय रहे लकड़ा को 11 जून 2015 को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था.

मामला 11 जून 2015 का है. चैनपुर थाना क्षेत्र के कटकाही नाला जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. गुप्त सूचना के आधार पर तत्कालीन एएसपी अभियान पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने अभियान चलाया था. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राम प्रसाद लकड़ा को उसके दो सहयोगियों जीवन तिर्की और फ्रांसिस खलखो के साथ गिरफ्तार किया था.

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान मौके से छह नियमित राइफल, करीब 300 कारतूस, विस्फोटक सामग्री और नक्सली वर्दी बरामद की गई थी. गिरफ्तारी के समय लकड़ा पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह करीब 22 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय था.

17 गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर फैसला

इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में कुल 17 गवाह पेश किए गए. इनमें मुठभेड़ में शामिल पुलिस अधिकारी, जांच अधिकारी और चिकित्सीय विशेषज्ञ शामिल थे. तत्कालीन एएसपी अभियान पवन कुमार सिंह और तत्कालीन थाना प्रभारी धर्मपाल कुमार ने भी गवाही दी.
अभियोजन पक्ष ने प्राथमिकी, जब्ती सूची, विशेषज्ञ रिपोर्ट और अभियोजन स्वीकृति से जुड़े दस्तावेज भी अदालत में प्रस्तुत किए. साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर अदालत ने राम प्रसाद लकड़ा को आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत दोषी करार दिया.

चार धाराओं में अलग-अलग सजा

अदालत ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए) और 26(2) सहपठित धारा 35 के तहत 10-10 साल के कठोर कारावास और 30-30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई. वहीं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) सहपठित धारा 35 और सीएलए एक्ट की धारा 17 के तहत तीन-तीन साल का कठोर कारावास और 10-10 हजार रुपये जुर्माना लगाया.

इस तरह कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. हालांकि अदालत ने सभी सजाओं को साथ-साथ चलाने का आदेश दिया है. इसलिए प्रभावी कारावास की अवधि 10 साल होगी. पहले से न्यायिक हिरासत में बिताई गई अवधि का नियमानुसार समायोजन किया जाएगा. राम प्रसाद लकड़ा फिलहाल रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद है.

Also Read : एनआईए का 6वां आतंकवाद-रोधी सम्मेलन संपन्न: सीमा-पार आतंकवाद और आतंकी तंत्र के खात्मे पर जोर

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!