रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रकाश पर्व कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया. यह कार्यक्रम 24 नवंबर 2026 को रांची के पीपी कंपाउंड स्थित श्री गुरु नानक स्कूल में आयोजित होगा.
उल्लेखनीय है कि प्रकाश पर्व सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है. इसे गुरुपर्व और गुरु नानक जयंती के नाम से भी जाना जाता है. गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 में वर्तमान पाकिस्तान के ननकाना साहिब में हुआ था. उनकी शिक्षाओं में एक ईश्वर की उपासना, मानव समानता, जातिगत भेदभाव का विरोध, ईमानदारी से मेहनत और जरूरतमंदों के साथ मिलकर भोजन साझा करने का संदेश प्रमुख है. उनके तीन प्रमुख सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से आजीविका कमाना और मिल-बांटकर खाना हैं.
इस अवसर पर देश-दुनिया के गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन, अरदास, प्रभात फेरी और नगर कीर्तन का आयोजन किया जाता है. लंगर के माध्यम से सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को बिना किसी भेदभाव के भोजन कराया जाता है. इस वर्ष गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सचिव गगनदीप सेठी, गुरु गोविंद सिंह स्कूल के सचिव रंजीत सिंह हैप्पी, पार्षद परमजीत सिंह टिंकू, झारखंड सिख फेडरेशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, गुरुनानक हॉस्पिटल के सदस्य राजदीप सिंह ऋषि, प्रोफेसर हरविन्द्र वीर सिंह, जशपाल सिंह पंधेर, ध्यान सिंह और हरजीत साह सिंकी शामिल थे.
Also Read : झारखंड का रामरेखा धाम: जहां जंगलों और पहाड़ों के बीच जीवित हैं भगवान राम के वनवास की स्मृतियां
No comments yet. Be the first to comment!