जोहार लाइव ब्यूरो
देश के चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में छह विधानसभा और लोकसभा सीटों पर मंगलवार यानि की आज वोटिंग जारी है. सबसे ज्यादा सियासी हलचल पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर देखने को मिल रही है. इसी बीच आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को मुर्शिदाबाद स्थित उनके पार्टी कार्यालय से पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस ने फिलहाल हिरासत में लेने की वजह स्पष्ट नहीं की है.
हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद रेजीनगर विधानसभा सीट से AJUP के उम्मीदवार हैं. मतदान के बीच उनकी हिरासत को लेकर इलाके में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं.
कांग्रेस उम्मीदवार का आरोप- पोलिंग एजेंट्स को जबरन उठाया जा रहा
नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया है कि उनके पोलिंग एजेंट्स को जबरन उठाया जा रहा है. उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उनके एजेंट्स पर दबाव बनाया जा रहा है.
वहीं, रेजीनगर से AJUP उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद ने दावा किया कि अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से होता तो उनकी जीत 100 फीसदी तय थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से अभी भी काफी प्लानिंग की जा रही है. आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी की सीधी टक्कर किसी अन्य दल से नहीं, बल्कि BJP से है.
नंदीग्राम में वोटिंग से एक दिन पहले थाना प्रभारी बदला
नंदीग्राम उपचुनाव को लेकर मतदान से ठीक एक दिन पहले चुनाव आयोग ने नंदीग्राम थाने के प्रभारी को बदल दिया था. सोमवार को मौजूदा थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा को हटाकर देबाशीष सरकार को नया प्रभारी बनाया गया.
बताया गया कि विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि अजय कुमार मिश्रा सत्ताधारी पार्टी के करीबी हैं. इसके बाद आयोग ने उन्हें हटाने का फैसला लिया. मिश्रा को 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले नंदीग्राम थाने में तैनात किया गया था.
BJP बोली- दोनों सीटों पर जीत तय
पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने हुमायूं कबीर की हिरासत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव के दिन पुलिस ने ऐसे लोगों को गिरफ्तार करना अपना कर्तव्य समझा, जो हिंदू-मुस्लिम के बीच विभाजन पैदा करने और लोगों को दंगा भड़काने के लिए उकसा रहे थे.
उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों विधानसभा सीटों पर BJP जीत दर्ज करेगी. वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने भी दोनों सीटों पर जीत का भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि जनता जानती है कि कौन सही और बेहतर शासन दे सकता है. उनके मुताबिक लोग विकास और सुशासन के नाम पर वोट करेंगे.
सुबह 9 बजे तक नंदीग्राम में 20.89%, रेजीनगर में 18.05% मतदान
मतदान के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 20.89 फीसदी और रेजीनगर में 18.05 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई.
इनके अलावा तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट, पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट और असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी मतदान जारी है. सभी सीटों पर वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी. फिलहाल मतदान के दौरान सामने आ रहे आरोपों और राजनीतिक बयानबाजी ने खासकर पश्चिम बंगाल की दोनों सीटों के उपचुनाव को सुर्खियों में ला दिया है.
No comments yet. Be the first to comment!