झारखंड : जामताड़ा क्लब के शताब्दी वर्ष पर निःशुल्क नेत्र शिविर, 91 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित

जामताड़ा क्लब के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सामाजिक सेवा की पहल के तहत रविवार को गांधी मैदान स्थित क्लब परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया. नेताजी आई अस्पताल, रामचंद्रपुर के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 150 लोगों की आंखों की जांच की गई. जांच के बाद 91 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जबकि 41 मरीजों को रविवार को ही आगे के उपचार और ऑपरेशन के लिए रामचंद्रपुर रवाना किया गया.

सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नेत्र जांच के बाद आवश्यक परामर्श दिया. ऑपरेशन के लिए चयनित शेष मरीजों को 24 नवंबर को गांधी मैदान, जामताड़ा से नेताजी आई अस्पताल ले जाया जाएगा. वहां सभी चयनित मरीजों का ऑपरेशन एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा.

जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा देना उद्देश्य

शिविर के तहत मरीजों को ऑपरेशन के साथ चश्मा, लेंस, जरूरी दवाइयां और ऑपरेशन के बाद पट्टी (ड्रेसिंग) जैसी सुविधाएं भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएंगी. इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और आंखों की समस्याओं के समय पर इलाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.

जामताड़ा क्लब के शताब्दी वर्ष को जनसेवा के कार्यों के जरिए यादगार बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह शिविर क्लब की सामाजिक प्रतिबद्धता का उदाहरण बना. आयोजन में प्रताप सिंह, प्रदीप सरकार, सौमित्र सरकार, सथिनाथ मंडल, डॉ. दुर्गा दास भंडारी, सचिंद्रनाथ घोष, अरविंद सरकार, प्रबोध चंद्र, तरुण कुमार घोष, जयदेव खान, राजा मिश्रा, अरूप राय एवं शिवनाथ घोष समेत क्लब के सभी सदस्यों ने सहयोग किया.

Also Read : झारखंड : गृह प्रवेश का भोज बना आफत, 400 से अधिक लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!