Joharlive Desk : साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय अब तमिलनाडु की राजनीति का बड़ा चेहरा बन चुके हैं। 10 मई को उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अभिनेता से नेता बने विजय के इस नए सफर ने उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। शपथ लेने के तुरंत बाद ही विजय एक्शन मोड में दिखे और अपने चुनावी वादों से जुड़े अहम दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिएआज करोड़ों की संपत्ति और लाखों फैंस वाले विजय की शुरुआत बेहद साधारण थी। साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म Vetri से उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म का निर्देशन उनके पिता एसए चंद्रशेखर ने किया था। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के लिए विजय को सिर्फ 500 रुपये फीस मिली थी।
लीड एक्टर बनकर बनाई अलग पहचान
इसके बाद विजय ने साल 1992 में Naalaiya Theerpu से बतौर लीड एक्टर फिल्मों में एंट्री की। इस फिल्म का निर्देशन भी उनके पिता ने किया था। शुरुआत के बाद विजय ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और धीरे-धीरे तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में अपनी जगह बना ली। करीब 30 साल के फिल्मी करियर में विजय ने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं। उनकी लोकप्रियता सिर्फ दक्षिण भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश और विदेशों तक फैली। उनकी हालिया फिल्म The Greatest of All Time चर्चा में रही, जबकि आने वाली फिल्म जन नायकन को लेकर भी फैंस में उत्साह बना हुआ है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद कितनी मिलेगी सैलरी
अब जब विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं, तो उनकी सरकारी सैलरी भी चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें हर महीने करीब 2.85 लाख रुपये मिलेंगे। इसमें विधायक वेतन, निर्वाचन क्षेत्र भत्ता और दूसरी सरकारी सुविधाएं शामिल हैं। यानी सालाना करीब 34 लाख रुपये का पैकेज होगा। हालांकि मुख्यमंत्री की सैलरी विजय की कुल कमाई के मुकाबले काफी छोटी है। फिल्मों, विज्ञापनों और दूसरे निवेशों से विजय पहले से ही बड़ी संपत्ति के मालिक हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल नेटवर्थ करीब 600 करोड़ रुपये के आसपास बताई जाती है। फिल्मों में सुपरस्टार बनने के बाद अब विजय की असली परीक्षा राजनीति में है। फैंस की उम्मीदें बड़ी हैं और जनता की नजर अब इस बात पर रहेगी कि पर्दे का हीरो, सत्ता में कितना असरदार साबित होता है।
Also Read : हजारीबाग में कुछ घंटों में दो भयंकर सड़क हादसे, दो की मौ’त


