रांची : झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर छात्र पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए भी पहुंचे, जहां पुलिस के साथ छात्रों की झड़प और तनाव की स्थिति देखने को मिली. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया.
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच अब असामाजिक तत्वों के शामिल होने का आरोप सामने आया है. JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की कमेटी के नेतृत्व कर रहे रविंद्र पासवान ने कहा कि छात्र शांतिपूर्वक तरीके से अपना आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व आंदोलन को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं.

रविंद्र पासवान ने पुलिस से ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन शांतिपूर्ण है और इसे किसी दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए.


