झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री आवास के घेराव को लेकर सियासत तेज हो गई है. बीजेपी विधायकों और नेताओं की ओर से किए गए प्रदर्शन पर वित्त मंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
राधाकृष्ण किशोर ने बीजेपी के प्रदर्शन को गैर-लोकतांत्रिक करार दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना या किसी के घर में घुसने की कोशिश करना लोकतांत्रिक तरीका नहीं हो सकता. मंत्री ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने गैर-लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का प्रयास किया.

लोकतांत्रिक संस्थाओं का पालन जरूरी
वित्त मंत्री ने कहा कि राजनीतिक विरोध और अपनी मांगों को रखने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और तय प्रक्रियाओं का पालन किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए.
बता दें कि JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. इसी मुद्दे को लेकर बीजेपी विधायकों और नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया था. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बीजेपी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था. इसके बाद सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी और तेज हो गई है.


