Ranchi : चुनावी प्रक्रिया के संपन्न होते ही केंद्र सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ा बदलाव किया है। इस संशोधन का सबसे बड़ा झटका व्यावसायिक यानी कमर्शियल उपभोक्ताओं को लगा है। 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एकमुश्त 994 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। इस वृद्धि के बाद रांची में अब कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2256.50 रुपये से बढ़कर 3250.50 रुपये हो गई है।
कीमतों में इस भारी इजाफे का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल और बैंक्वेट हॉल जैसे संस्थानों पर पड़ेगा। इसके साथ ही 19 किलो के एक्स्ट्रा फास्ट सिलेंडर के दाम भी 2279 रुपये से बढ़कर 3273 रुपये कर दिए गए हैं। व्यावसायिक सिलेंडरों के महंगे होने से बाहर खाना-पीना और अन्य सेवाएं भी महंगी होने की आशंका जताई जा रही है।
आम जनता और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह सिलेंडर पहले की तरह ही 970.50 रुपये में उपलब्ध रहेगा। हालांकि, 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि देखी गई है। अब नए कनेक्शन के लिए 1541 रुपये के बजाय 1803 रुपये देने होंगे, जबकि इसकी रिफिलिंग अब 597 रुपये के बजाय 859 रुपये में होगी। गैस सिलेंडर की ये नई दरें शुक्रवार से प्रभावी हो गई हैं।
Also Read : धनबाद में आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई, कई इलाकों में 18 घंटे बाद भी ब्लैकआउट

