Ranchi : धनबाद में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई जगह पेड़ गिरने और तार टूटने से शहर के बड़े हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गोविंदपुर के जीटी रोड और कतरास के राजगंज रोड में पेड़ गिरने से 11 केवी और 33 केवी लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं झरिया के कतरास मोड़, सरायढेला और धैया इलाके में इंसुलेटर फटने और जम्पर कटने की घटनाएं सामने आईं।
सरायढेला सब-स्टेशन क्षेत्र में पेड़ गिरने से कई जगह तार जमीन पर आ गए, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत बिजली काट दी गई।बिजली विभाग के अनुसार, करीब 40 से ज्यादा पोल और कई ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं। मरम्मत कार्य के बाद शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे मुख्य फीडर चालू किए जा सके।
हालांकि बरवाअड्डा, स्टील गेट और गोविंदपुर के कई इलाकों में अभी भी मरम्मत कार्य जारी है, जिसके चलते इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। विभाग का कहना है कि दोपहर 2 बजे तक बिजली व्यवस्था सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल झरिया और कतरास के कुछ इलाकों में लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या भी बनी हुई है।
गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे से शुरू हुआ ब्लैकआउट कई इलाकों में रात 2 बजे तक यानी लगभग 10 घंटे तक रहा। वहीं कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को 15 से 18 घंटे तक बिजली नहीं मिल पाई, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Also Read : केंदुआ में फिर धंसी जमीन, धनबाद-बोकारो रोड बंद होने से बढ़ा खतरा


