Palamu : पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में भगवती अस्पताल के पीछे से बरामद महिला के क्षत विक्षत शव मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल एक महिला आरोपी चंदा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति उपेंद्र कुमार गौतम उर्फ रोहित कुमार फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
घटना का खुलासा करते हुए एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि 25 अप्रैल को शव मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। जांच और एफएसएल रिपोर्ट से यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि आरोपी दंपती महिलाओं से जुड़े अनैतिक कार्यों में संलिप्त थे। गिरफ्तार चंदा देवी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि मोबाइल और रुपयों को लेकर हुए विवाद के बाद महिला की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पहले कमरे में छिपाकर रखा और बाद में उसे घर के बाहर अहाते में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी उपेंद्र कुमार गौतम एक शातिर अपराधी है जो ठिकाने बदल बदलकर घटनाओं को अंजाम देता है। वह महज एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था और मेदिनीनगर में रह रहा था। पुलिस की टीमें अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। हालांकि पुलिस के लिए अब भी एक बड़ी चुनौती मृतका की शिनाख्त करना है, क्योंकि अब तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
Also Read : कोडरमा में हाथियों का तांडव: घरों को ढहाया, मवेशियों को मारा, गुस्से में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


