Dhanbad: धनबाद में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण केंदुआ क्षेत्र में धनबाद बोकारो मुख्य मार्ग पर एक बार फिर जमीन धंसने की घटना हुई है। पुराने गोफ के ठीक बगल में नया गड्ढा बनने से सड़क पर खतरा और ज्यादा बढ़ गया है। स्थिति को खतरनाक देखते हुए प्रशासन ने सड़क के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी है और आवागमन को पूरी तरह रोक दिया है। इस सड़क के बंद होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले 15 दिनों से रास्ता डायवर्ट होने के कारण यात्रियों को लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग किसी बड़े हादसे के डर से दहशत में हैं। इस घटना पर राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक राज सिन्हा, निरसा विधायक अरूप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेताओं का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। गौरतलब है कि इसी जगह पर 15 अप्रैल को भी जमीन धंसी थी और पिछले साल जहरीली गैस के रिसाव से तीन लोगों की मौत हो गई थी। बीसीसीएल प्रबंधन ने चेतावनी जारी की है कि बारिश की वजह से खतरा और बढ़ सकता है, इसलिए लोग सतर्क रहें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
Also Read : रेलवे का काम कर रही कंपनी के रोड रोलर में आगजनी और फायरिंग, पांच खोखे व PLFI का पर्चा बरामद


