Palamu : जिले में हुए एक सड़क हादसे में स्पेशल ब्रांच में तैनात झारखंड पुलिस के कांस्टेबल शिव कुमार रवि की मौत हो गई। वह 2005 बैच के कांस्टेबल थे और वर्तमान में रेहला थाना क्षेत्र में पदस्थापित थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार कांस्टेबल शिव कुमार रवि रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के निवासी थे। वह रेहला थाना क्षेत्र के बीमोड़ के पास एक गांव जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर वह सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उन्हें सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
कांस्टेबल का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पलामू पुलिस लाइन लाया जाएगा, जहां उन्हें सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही पलामू के सार्जेंट मेजर सुरेश कुमार राम सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक की पत्नी का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। सार्जेंट मेजर सुरेश कुमार राम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में कांस्टेबल शिव कुमार रवि को अंतिम सलामी दी जाएगी।
Also Read : नगर निकाय चुनाव : नामांकन प्रक्रिया तेज, एक दिन में 1,280 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे


