Patna : राजधानी पटना में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी नीतीश यादव को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मनेर थाना क्षेत्र के रतन टोला इलाके में हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली नीतीश के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
STF को देखते ही की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले स्वर्ण कारोबारी को गोली मारकर फरार हुए नीतीश की तलाश की जा रही थी। गुरुवार देर रात मनेर थाना पुलिस और STF को सूचना मिली कि नीतीश रतन टोला इलाके में छिपा हुआ है। रात करीब 11 बजे पुलिस टीम ने बिना सायरन इलाके को चारों ओर से घेर लिया। जैसे ही पुलिस आगे बढ़ी, नीतीश ने उन्हें देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नीतीश घायल हो गया।
स्वर्ण कारोबारी को गोली मारने का है आरोपी
बताया जा रहा है कि 9 जनवरी को नीतीश यादव ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मनेर के रसूलपुर गांव निवासी स्वर्ण कारोबारी संजय सोनी से लूटपाट का प्रयास किया था। संजय सोनी अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी कटहरा मोहल्ले में बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें रोका। लूट का विरोध करने पर नीतीश ने गोली चला दी, जो कारोबारी के कंधे में लगी थी। हालांकि बदमाश लूट में सफल नहीं हो सके।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने नीतीश की पहचान कर ली थी। पहचान उजागर होने के बाद वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।
हथियार बरामद
एनकाउंटर के बाद पुलिस ने नीतीश के पास से घटना में इस्तेमाल एक देसी कट्टा, एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। सिटी एसपी वेस्ट भानू प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद हथियारों की जांच की जा रही है।
जनवरी में तीसरा एनकाउंटर
यह इस साल जनवरी महीने में पटना पुलिस और STF का तीसरा एनकाउंटर है। इससे पहले बाढ़ और खगौल थाना क्षेत्र में भी पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो चुकी है, जिनमें अपराधियों को घायल कर गिरफ्तार किया गया था।
Also Read : धनबाद में दंपति पर ताबड़तोड़ फा’यरिंग, सुरेश सिंह ह’त्याकांड के गवाह हैं पति-पत्नी


