Dhanbad : धनबाद थाना क्षेत्र के झाड़ूडीह इलाके में बीती देर रात एक दंपति पर अंधाधुंध फायरिंग करने से इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने अपार्टमेंट के नीचे पहले शराब पी और जमकर उत्पात मचाया। इसके बाद अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। फायरिंग से अपार्टमेंट में रहने वाले लोग सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं। फायरिंग में पास खड़ी लग्जरी कारों को भी नुकसान पहुंचा है। कई कारों पर गोली के निशान देखे गए हैं, जबकि एक कार का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आरोप सामने आया है कि यह हमला सुरेश सिंह हत्याकांड के गवाह को निशाना बनाने के लिए किया गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
Also Read : सड़क हादसे में JAP-7 के सैट प्रभारी अनिल कुमार पासवान का निधन


