Dumka : रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया के पास बीती रात करीब 10 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। जामा थाना के तातलोई मेला देखकर बाइक से लौट रही एक किशोरी और उसके दो साथी पर तीन बाइक सवार लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 16 साल के लखींद्र सोरेन की मौत हो गई, जबकि डेविड हांसदा और किशोरी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों जख्मियों का इलाज दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम जामा थाना के तातलोई मेला से लखींद्र सोरेन, डेविड हांसदा और एक किशोरी बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया के पास तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने पहले किशोरी को बाइक से उतारने की कोशिश की, जिसका विरोध लखींद्र और डेविड ने किया। इसके बाद तीनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशोरी और दोनों लड़के घायल हो गए।
जख्मियों का इलाज और पुलिस की प्रतिक्रिया
जख्मियों को देर रात फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने लखींद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि डेविड और किशोरी का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि जख्मी किशोर और किशोरी दोस्त हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो भी अस्पताल पहुंचे और जख्मियों से जानकारी ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी भी प्रकार की जानकारी देने से परहेज कर रही है।
Also Read : राजधानी में एनकाउंटर, कुख्यात नीतीश यादव को लगी गो’ली


