राजीव झा, जोहार लाइव
बीते शुक्रवार को जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. एक साथ 9 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनके उपर साइबर अपराधी होने का आरोप है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 27 मोबाइल फोन और 39 सिम कार्ड बरामद किए गए. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी कस्टमर केयर नंबर, कैशबैक के नाम पर लिंक भेजकर तथा बैंक अधिकारी बनकर एटीएम, सीवीवी और ओटीपी की जानकारी हासिल कर लोगों से साइबर ठगी करते थे. इनके निशाने पर देश के विभिन्न राज्यों के लोग थे.
मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार एसपी शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली की जिले के सियाटांड़ एवं मठटांड इलाके में पांच साइबर अपराधियों का दल बीच जंगल में देखे गए हैं. एसपी ने तत्काल एक टीम का गठन किया और छापेमारी करने भेज दिया. जंगल में जब पुलिस पहुंची तो साइबर क्राइम करने में व्यस्त अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई. वो इधर उधर भागने लगे. लेकिन पहले से तैयार पुलिस ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया.
यहां एक साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. लेकिन दिलचस्प बात ये रही कि जब इन पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर ला रही थी, उसी दौरान एसपी को दुबारा एक और गुप्त सूचना मिली. जिसके बाद छापेमारी दल जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मार्ग पहुंची. यहां उसे चार लोग मिले, जिन्हें पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ा. इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कर रहे थे.
एसपी शंभू कुमार ने बताया कि, पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पूर्व से भी साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं. छापेमारी में साइबर थाना जामताड़ा के थाना प्रभारी राजेश मंडल, निरीक्षक नितिश कुमार, अवर निरीक्षक बिनोद सिंह सहित पुलिस बल शामिल रहा.
Read Also : जामताड़ा में साइबर अपराधी गिरफ्तार, 4.04 लाख रुपये नकद समेत कई सामान बरामद

