Patna : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पहली बार अतिपिछड़ा वर्ग से मंगनीलाल मंडल को अपना प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगनीलाल मंडल को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर मिठाई खिलाकर बधाई दी और सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि को गर्व के साथ साझा किया।
निर्विरोध राजद का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर आदरणीय श्री मंगनी लाल मंडल जी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बिहार में किसी भी पार्टी द्वारा प्रथम बार “अतिपिछड़ा वर्ग” से प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
राजद से अनुसूचित जाति वर्ग, मुस्लिम वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं अगड़ा वर्ग से पूर्व में… pic.twitter.com/x9yh52NBlP
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) June 16, 2025
तेजस्वी ने कहा कि…
तेजस्वी ने कहा, “बिहार में किसी भी राजनीतिक दल ने पहली बार अतिपिछड़ा वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। RJD ने पहले अनुसूचित जाति, मुस्लिम, पिछड़ा और अगड़ा वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष बनाएऔर अब वरिष्ठ समाजवादी नेता मंगनीलाल मंडल के रूप में अतिपिछड़ा वर्ग को यह गौरव दिया।” उन्होंने दावा किया कि RJD देश की पहली और एकमात्र पार्टी है, जिसने अपने संगठन में अतिपिछड़ों के लिए आरक्षण लागू किया है। तेजस्वी ने कहा, “हम सामाजिक न्याय को सिर्फ जुबान से नहीं, बल्कि धरातल पर उतारते हैं।”
जगदानंद सिंह की तारीफ, नीतीश सरकार पर हमला
तेजस्वी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “85 वर्ष की उम्र में भी जगदानंद जी ने जिस समर्पण, अनुशासन और कर्मठता से काम किया, वह अविस्मरणीय है। उनका कार्यकाल सकारात्मक बदलाव का प्रतीक रहेगा।” वहीं, नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा, “बिहार में अचेतन मुख्यमंत्री और डीके टैक्स के कारण प्रशासनिक अराजकता, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था चरम पर है। अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते। विधायक, सांसद और मंत्रियों के प्रति भी उनका व्यवहार अभद्र है। अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर कोई जवाबदेही नहीं है, और गरीब राज्य का खजाना लूटा जा रहा है।”
मंगनीलाल के नेतृत्व में नई ऊंचाइयां छुएगा RJD
तेजस्वी ने विश्वास जताया कि मंगनीलाल मंडल के नेतृत्व में RJD नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा, “मंगनीलाल जी के अनुभव और समाजवादी विचारधारा से पार्टी को नई दिशा मिलेगी।” यह कदम RJD की सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
Also Read : पटना के लोगों को CM नीतीश ने दी एक और सौगात