Patna : पटना से लगभग 25 किलोमीटर दूर धनरूआ थाना क्षेत्र के सेवती गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प और गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार, उनके बेटे सावन कुमार और भतीजा रोहित कुमार बेतरह जख्मी हो गए हैं। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
FIR दर्ज
घटना के संबंध में सुरेंद्र सिंह ने धनरूआ थाना में FIR दर्ज कराई है। इसमें 13 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 20 अज्ञात आरोपियों को भी केस में शामिल किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह
पूरा मामला बिंदेश्वरी राम और अनिरुद्ध सिंह के परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का है। दोनों पक्ष महादेव स्थान के पास स्थित एक शिव मंदिर के पेड़ के नीचे जमीन के कागजात दिखाने के लिए एकत्रित हुए थे। इस दौरान बिंदेश्वरी राम ने सुरेंद्र सिंह के परिवार के कागजातों को फर्जी करार दे दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई, फिर मारपीट और पथराव हुआ, जो अंत में गोलीबारी में तब्दील हो गया।
घटनास्थल से हथियार और खोखे बरामद
पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा का खोखा और पिस्टल के 12 खोखे बरामद किए हैं। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हमलावर इसी वाहन से घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस फिलहाल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मामले की जांच जारी है।
Also Read : पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में ग्रैजुएशन एडमिशन के लिए आज अंतिम मौका