Jamtara (Rajiv Jha) : शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाता सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर जुटना शुरू हो गए। जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद के सभी मतदान केंद्रों पर मॉक पोलिंग के बाद वोटिंग की प्रक्रिया चालू हो गई। लोग अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा ले रहे हैं।
जामताड़ा में कुल 28 बूथ, 26,467 मतदाता करेंगे मतदान
जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 26,467 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर हलचल रही और लोग लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। प्रशासन ने सभी बूथों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो सके।

मिहिजाम में भी मतदान शांतिपूर्ण रूप से जारी
मिहिजाम नगर परिषद में भी सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। इस क्षेत्र में कुल 39 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 37,056 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। मतदान केंद्रों पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित दिखाई दी।
मतदाताओं में उत्साह, पहले थोड़ी उलझन, बाद में खुशी
काफी समय के बाद बेलेट पेपर से चुनाव हो रहे हैं, इसलिए शुरुआत में मतदाताओं के चेहरे पर थोड़ी उलझन देखने को मिली। लेकिन जैसे ही उन्होंने वोटिंग की प्रक्रिया पूरी की, उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। वार्ड 14 के मतदाता मुकेश कुमार, वार्ड 16 के कमल किशोर और वार्ड 15 की संतोषी सेन समेत अन्य मतदाताओं ने जोर देकर कहा कि चुनाव में ईमानदार और स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशी को जिताने के लिए हर मतदाता को वोट जरूर देना चाहिए।
Also Read : भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने परिवार संग डाला वोट, मतदान का किया आग्रह

