Garhwa : गढ़वा में नगर निकाय चुनाव के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोग सुबह-सुबह अपने-अपने बूथों पर पहुंचे और लोकतंत्र में हिस्सा लेने का जज्बा दिखाया। चुनाव आयोग के स्लोगन “पहले मतदान, फिर जलपान” को चरितार्थ करते हुए मतदाता शांतिपूर्वक लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
लंबी कतारें और सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त
गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित गोविंद स्कूल और वार्ड नंबर 15 के सहिजना समुदाय भवन में सुबह से ही लंबी कतारें लगीं। महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी मतदाता अपने-अपने वोट डालने के लिए इंतजार कर रहे थे। प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था के साथ ही बूथ पर जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से हो सके।
पहली बार बैलेट पेपर से वोट डालने का उत्साह
इस बार कई मतदाताओं ने पहली बार बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कुछ ने उम्मीद जताई कि उनके वोट से बदलाव आएगा, तो कुछ ने कहा कि वे विकास और स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए मतदान कर रहे हैं।
जिले में हो रहे चुनाव की जानकारी
गढ़वा जिले में एक नगर परिषद और दो नगर पंचायतों के लिए मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि हर बूथ पर सुरक्षा, पानी और आवश्यक सुविधाएं मौजूद हों। मतदाताओं ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
Also Read : निकाय चुनाव 2026 : 9 बजे तक चास में 07.41% और फुसरो में 09.45% हुई वोटिंग


